नयी दिल्ली 11 अगस्त (वार्ता) भारत और श्रीलंका ने समकालीन समुद्री चुनौतियों का समाधान करने, साझा समुद्री क्षेत्र में सुरक्षा, संरक्षा और पर्यावरणीय प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता दोहराई है।
भारतीय तटरक्षक बल और श्रीलंका तटरक्षक बल के बीच सोमवार को यहां 8 वीं उच्च-स्तरीय बैठक में यह सहमति बनी।
यह बैठक दोनों देशों के बीच मज़बूत और स्थायी समुद्री साझेदारी में मील का पत्थर साबित हुई। बैठक में समुद्री प्रदूषण, समुद्री खोज एवं बचाव, और समुद्री कानून प्रवर्तन के क्षेत्रों में सहयोगात्मक जुड़ाव को मज़बूत करने के साथ-साथ क्षमता निर्माण और तकनीकी सहायता पहलों को बढ़ाने पर चर्चा हुई।
श्रीलंका के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व श्रीलंका तटरक्षक बल के महानिदेशक रियर एडमिरल वाईआर सेरासिंघे ने किया और भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) के महानिदेशक परमेश शिवमणि ने किया। दोनों पक्षों ने समकालीन समुद्री चुनौतियों का समाधान करने साझा समुद्री क्षेत्र में सुरक्षा, संरक्षा और पर्यावरणीय प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
बैठक में दोनों तटरक्षकों के बीच परिचालन समन्वय को प्रगाढ बनाने, सर्वोत्तम प्रयासों को साझा करने और निरंतर सहयोग के माध्यम से क्षेत्रीय समुद्री स्थिरता को बढ़ावा देने के आपसी संकल्प पर बल दिया गया।
