
इंदौर. सराफा बाजार में तीन व्यापारियों से लाखों रुपए का सोना लेकर एक दलाल गायब हो गया. घटना के बाद जब व्यापारी उससे संपर्क नहीं कर पाए और उसके घर पहुंचे, तो पता चला कि उसी रात उसके परिवार ने एरोड्रम थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई है. इससे आशंका गहराई कि मामला सुनियोजित धोखाधड़ी का हो सकता है.
सराफा पुलिस ने व्यापारी अंशील पटोदी की शिकायत पर एरोड्रम थाना क्षेत्र में रहने वाले संदीप सोनी के खिलाफ 500 ग्राम से अधिक सोने की ठगी का प्रकरण दर्ज किया है. फरियादी ने पुलिस को बताया कि 31 दिसंबर 2024 को संदीप सोनी तीन व्यापारियों की दुकान पर आया और पहले से पहचान व भरोसे का फायदा उठाकर उनसे शुद्ध सोना लिया. उसने कुछ देर में भुगतान करने का वादा किया, लेकिन रात तक पैसे नहीं दिए और फोन बंद कर लिया. अगले दिन व्यापारी उसके घर पहुंचे, तो परिजनों ने बताया कि उन्होंने उसी रात उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई है. व्यापारियों ने जनवरी में पुलिस को शिकायत दी थी, जिसके बाद जांच चलती रही, लेकिन संदीप का कोई पता नहीं चला. वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज किया है, पुलिस अब यह जांच कर रही है कि संदीप वास्तव में लापता है या फिर गुमशुदगी की आड़ में ठगी को अंजाम दिया गया है.
