इंदौर: लसूड़िया थाना क्षेत्र के तलावली चांदा स्थित सिंगापुर टाउनशिप में एक ही रात दो घरों में चोरी की वारदात से सनसनी फैल गई. अज्ञात बदमाश दोनों मकानों के ताले तोड़कर लाखों के सोने-चांदी के जेवर, घड़ियां और नकदी लेकर फरार हो गए.शिकायतकर्ता शैलेन्द्र नामदेव ने पुलिस को बताया कि रात 7:45 से 9 बजे के बीच अज्ञात चोर उनके घर का ताला तोड़कर अंदर घुसे और अलमारी में रखे तीन सोने के मंगलसूत्र, एक सोने की चैन, दो जोड़ी कान के टॉप्स, एक जोड़ी झुमकी, एक जोड़ी ‘कान बृजवाला’, एक जेंट्स अंगूठी, चार लेडीज अंगूठियां, दो नाक के काटे, दो छोटे पेंडल, चांदी की आठ जोड़ी बिछिया, पांच जोड़ी पायल, छोटे बच्चों के चूड़े, एक टाइटन और एक फास्ट्रैक लेडीज घड़ी चोरी कर ले गए.
इसी टाउनशिप में रहने वाले अशोक परवत गोस्वामी के घर में भी उसी दौरान चोरी हुई. अशोक के मुताबिक, वह अपने गांव गए थे और लौटने पर देखा कि घर का ताला टूटा है. बदमाश उनके घर से छोटे बच्चे की दो जोड़ी सोने की बाली, दो टाइटन घड़ियां और नगदी चुरा ले गए. लसूड़िया पुलिस ने दोनों मामलों में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर, सीसीटीवी फुटेज खंगालने और बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है.
