मुंबई, 10 अगस्त (वार्ता) शेयर बाजार में पिछले सप्ताह रही गिरावट के कारण बीएसई में शीर्ष 10 में शामिल छह कंपनियों के बाजार पूंजीकरण में कमी आयी,जबकि अन्य चार का बाजार पूंजीकरण बढ़ गया।
सप्ताह के दौरान रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक, इंफोसिस और हिंदुस्तान यूनिलिवर का कुल बाजार पूँजीकरण 1,36,151.24 करोड़ रुपये घट गया। वहीं, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), भारतीय स्टेट बैंक, भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) और बजाज फाइनेंस लिमिटेड के बाजार पूँजीकरण में कुल 39,010 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ।
बीते सप्ताह शेयर में 1.84 प्रतिशत की गिरावट से रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार पूंजीकरण (एम-कैप) सबसे ज्यादा 34,711 करोड़ रुपये घटा। इसके बाद एचडीएफसी बैंक के एम-कैप में 29,722 करोड़ रुपये, आईसीआईसीआई बैंक में 24,719 करोड़ रुपये और इंफोसिस में 19,504 करोड़ रुपये की गिरावट रही। भारती एयरटेल का शेयर 15,054 करोड़ रुपये और हिंदुस्तान यूनिलिवर का 12,441 करोड़ रुपये घट गया।
एलआईसी के बाजार पूँजीकरण में सबसे ज्यादा 17,678 करोड़ रुपये की वृद्धि हुई। टीसीएस का एम-कैप 11,361 करोड़ रुपये, एसबीआई का 9,784 करोड़ रुपये और बजाज फाइनेंस का 186.43 करोड़ रुपये बढ़ा।
