रायपुर (वार्ता) छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के पास राजिम के पाण्डुका-जतमई मार्ग पर रक्षाबंधन के दिन एक वैन की टक्कर से बाइक सवार दंपति मनोज पटेल (30) और उनकी पत्नी मनीषा पटेल (27) की मौत हो गई। जबकि उनकी दो साल की बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई जिसे अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया।
जानकारी के मुताबिक यह घटना आज शाम पांच बजे की बताई जा रही है। धमतरी जिले के बारना गांव के रहने वाले मनोज अपनी पत्नी मनीषा के साथ खट्टी गांव में रहने वाली अपनी बहन के घर राखी बंधवाने के लिए जा रहे थे।
इस दौरान एक वाहन ने पहले एक अन्य मोटरसाइकिल सवार को टक्कर मारी। इसके बाद उसने पटेल दंपत्ति की बाइक को जोरदार ठोकर मारी जिससे वे घसीटते हुए सड़क किनारे खेत में जा गिरे और पति पत्नी की मौत हो गई। इस दौरान मनीषा की गोद में सो रही उनकी दो साल की बच्ची खेतों के बीच कहीं गिर गई जिसे राहगीरों ने बचाकर अस्पताल पहुंचाया।
छत्तीसगढ़ में वैन की टक्कर से दम्पति की मौत
