भोपाल: मध्यप्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव क्षेत्र और अरब सागर से लगातार मिल रही नमी के कारण आगामी 24 घंटों में प्रदेश भर में बारिश का दौर तेज होने वाला है। मौसम विभाग ने 37 जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है।विशेष रूप से भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, सागर, जबलपुर और नर्मदापुरम संभाग के जिलों में कहीं-कहीं झमाझम बारिश हो सकती है।
वहीं, मानसून द्रोणिका उत्तर-पश्चिमी मध्यप्रदेश से होकर गुजर रही है, जिसके चलते कई क्षेत्रों में मेघगर्जन और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।
पिछले 24 घंटों में दमोह, दतिया, श्योपुर, रतलाम, ग्वालियर, गुना और बैतूल सहित कई जिलों में 20 से 65 मिमी तक बारिश दर्ज की गई है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि लगातार मिल रही नमी से आने वाले दिनों में नदियों और बांधों के जलस्तर में भी तेजी से बढ़ोतरी हो सकती है।
