
भोपाल।रेल यात्रियों की सुविधा, आराम और संतोष को सर्वोपरि रखते हुए तथा स्टेशन परिसर की समग्र व्यवस्था को और अधिक सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से आज
पमरे के प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक (पीसीसीएम) मनीष तिवारी एवं मंडल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी ने भोपाल मंडल के दो प्रमुख स्टेशनों का शनिवार के दिन दौरा किया। रानी कमलापति और भोपाल रेलवे स्टेशन निरीक्षण के दौरान विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी और पर्यवेक्षक भी उपस्थित रहे.
निरीक्षण का प्रारंभ रानी कमलापति स्टेशन से हुआ, जहाँ तिवारी ने प्लेटफार्म, फुट ओवर ब्रिज, सर्कुलेटिंग एरिया, वीआईपी लाउंज, सबवे और कंकॉर्स क्षेत्र का बारीकी से अवलोकन किया. उन्होंने निर्देश दिए कि स्टेशन पर लगे साइनज बोर्ड और अधिक स्पष्ट, सुस्पष्ट एवं यात्री-अनुकूल बनाए जाएं, ताकि यात्री बिना किसी कठिनाई के आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकें. इसके पश्चात तिवारी ने डीआरएम पंकज त्यागी के साथ संयुक्त रूप से भोपाल स्टेशन का निरीक्षण किया.
उन्होंने प्लेटफार्म, फुट ओवर ब्रिज, सर्कुलेटिंग एरिया, वीआईपी लाउंज का जायजा लेते हुए प्लेटफार्मों की स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर करने के निर्देश दिए. उन्होंने त्योहारों के समय भीड़ प्रबंधन हेतू उचित रणनीति बनाने के निर्देश दिए. उन्होंने आईआरसीटीसी के वीआईपी एवं एग्जीक्यूटिव लाउंज, पॉड स्टाइल रिटायरिंग रूम, सर्कुलेटिंग एरिया तथा फूड प्लाज़ा का निरीक्षण किया. साथ ही, प्लेटफार्म पर स्थित फूड स्टॉल का भी निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि यात्रियों को परोसा जाने वाला भोजन उच्च गुणवत्ता का हो और स्वच्छता मानकों का पूर्ण पालन किया जाए.
