त्योहार की खुशियों पर ग्रहण, दो घरों के चिराग बुझने से मातम

सीहोर. भाई- बहन के स्नेह पर्व रक्षाबंधन पर दो बहनें अब अपने भाई को कभी राखी नहीं बांध सकेंगी. बीती रात स्टेट हाईवे स्थित नपा के ट्रंचिंग ग्राउंड के समीप एक कार के अनियंत्रित होकर पलट जाने से उसमें सवार एक युवक की मौत हो गई तथा तीन गंभीर घायल हो गए. दूसरी घटना आष्टा तहसील मुख्यालय पर घटित हुई. बाइक से जा रहे युवक को अज्ञात वाहन ने रौंद डाला जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.

जिले में हादसों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है. अब फिर से दो जगह हुए दो हादसों में दो की मौत हो गई, जबकि तीन घायल हैं. पहला हादसा शुक्रवार रात 9.30 बजे भोपाल-इंदौर हाईवे बायपास स्थित सीहोर नगर पालिका के ट्रेंचिंग ग्राउंड के पास हुआ, जहां एक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई. कार सवार एक युवक की मौत हो गई, वही तीन घायल हो गए। शनिवार दोपहर एक बजे आष्टा पार्वती थाना क्षेत्र के मॉर्डन डेयरी के पास हुए दूसरे हादसे में अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार व्यक्ति की जान चली गई. रक्षाबंधन पर दो भाईयों की हुई मौत से बहनों पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा. वह बिलखते हुए एक ही बात दोहरा रही कि भैया हमें छोड़कर क्यूं चले गए, अब हम किसकी कलाई पर राखी बांधेंगी.

कोतवाली पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार सीहोर के कस्बा निवासी रोहित पिता स्व. राजू यादव अपने साथी मयंक श्रीवास्तव, समीर खांआ. नईम और गौरव आ. दिलीपसिंह के साथ भोपाल-इंदौर हाईवे पर शुक्रवार रात को कार में सवार होकर जा रहा था. बताया जाता है कि कार गौरव की थी और वो ही ड्राईव कर रहा था. सीहोर के बायपास ट्रंचिंग ग्राउंड के पास कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और पलटी खाते हुए सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई. गई.इस हादसे में रोहित यादव की मौत हो गई, जबकि मयंक, समीर, गौरव घायल हो गए, जिनको इलाज के लिए शासकीय जिला अस्पताल में भर्ती कराया है.

इसी तरह एक अन्य सड़क हादसा आष्टा तहसील मुख्यालय पर हुआ. पुलिस के अनुसार खड़ी निवासी 30 वर्षीय शिशुपाल पिता रमेशसिंह शनिवार को बाइक से जा रहा था. भोपाल-इंदौर हाईवे मॉर्डन डेयरी के पास दोपहर एक बजे के करीब अज्ञात वाहन चालक ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि शिशुपाल की मौके पर मौत हो गई. स्थानीय लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दी. पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद शव को पीएम के लिए अस्पताल भिजवाया गया. पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है.

Next Post

चावल सस्ता, गेहूँ-चीन महँगी, दालों-खाद्य तेलों में घट-बढ़

Sat Aug 9 , 2025
नयी दिल्ली, 09 अगस्त (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में शनिवार को चावल के दाम घट गये जबकि गेहूँ महँगा हो गया। दालों और खाद्य तेलों में उतार-चढ़ाव का रुख रहा। चीनी की कीमत बढ़ गयी। चावल की औसत कीमत करीब नौ रुपये की नरमी के साथ 3,802.20 रुपये प्रति […]

You May Like