इंदौर:जूनी इंदौर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित ई-सिगरेट बेचने वाले पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया. आरोपियों से करीब तीन लाख रुपए कीमत की ई-सिगरेट और हुक्के का सामान जब्त किया है.जूनी इंदौर थाना प्रभारी अनिल गुप्ता ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि जूनी इंदौर ब्रिज के नीचे दो व्यक्ति थैले में ई-सिगरेट लेकर बिक्री के लिए घूम रहे हैं.
सूचना पर पुलिस ने दबिश देकर शंकर भावनानी 52 वर्ष और नितिन भावनानी, निवासी सिल्वर पैलेस अन्नपूर्णा इंदौर को पकड़ा. तलाशी में 4 ई-सिगरेट, हुक्के की पाइप, कोयला, पेपर और अन्य सामग्री मिली. दोनों के पास बिक्री का कोई लाइसेंस नहीं था. आरोपियों पर इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट निषेध अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. आरोपी क्षेत्र के छात्र और युवाओं को नशे की लत लगाकर ई-सिगरेट सप्लाई कर रहे थे.
