
बुधनी। वन परिक्षेत्र में बाघ की मौजूदगी से क्षेत्र में हड़कंप मचा है. जानकारी के अनुसार बुधनी नेशनल हाइवे-46 पर जोशीपुर-बगवाड़ा के बीच बाघ और बाघिन देखे जाने की सूचना राहगीरों एवं ग्रामीणों द्वारा वन विभाग को दी गई. सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र में सघन तलाश अभियान शुरू किया.
तलाश के दौरान यह जानकारी सामने आई कि बाघ ने खेतों के पास एक जंगली सुअर का शिकार किया था. शिकार के बाद बाघ खेतों से होते हुए जंगल की ओर चला गया. फिलहाल किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन एहतियातन वन विभाग ने पूरे क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी है.
वन परिक्षेत्र अधिकारी राजित द्विवेदी ने बताया कि नेशनल हाइवे के समीप खेतों में बाघ और बाघिन के मूवमेंट की सूचना मिली थी, जिसके बाद वन अमले को तुरंत मौके पर भेजा गया. काफी देर तक तलाश की गई. ग्रामीणों को मुनादी कराकर सूचना दी गई है और उन्हें रात के समय अकेले जंगल क्षेत्र की ओर न जाने की सख्त हिदायत दी गई है.सर्चिंग के दौरान बुधनी पुलिस की टीम साथ रही.
उल्लेखनीय है कि बुधनी वन परिक्षेत्र, रातापानी टाइगर रिजर्व के अंतर्गत आता है, जहां बाघ, तेंदुआ सहित कई अन्य वन्यजीव पाए जाते हैं. शिकार की तलाश में वन्यजीव कई बार रहवासी इलाकों की ओर आ जाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है. वन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना देने की अपील की है.
