
सीहोर। कुबेरेश्वर धाम में आगामी फरवरी माह में आयोजित होने वाली शिव महापुराण कथा के दृष्टिगत कलेक्टर बालागुरू के, एसपी दीपक कुमार शुक्ला एवं जिला पंचायत सीईओ श्रीमती सर्जना यादव ने आयोजन स्थल का निरीक्षण किया.
कलेक्टर ने कहा कि कथा में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को ध्यान में रखते हुए आयोजन से पूर्व सभी व्यवस्थाएं समयसीमा में पूर्ण की जाएं, ताकि आयोजन के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, असुविधा अथवा सुरक्षा संबंधी समस्या उत्पन्न न हो. जिन अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अलग-अलग व्यवस्थाओं की जि मेदारी सौंपी गई है, वे अपने दायित्वों को गंभीरता के साथ समझें और मौके पर उपस्थित रहकर कार्य करें.
कलेक्टर ने आयोजन समिति के सदस्यों से भी चर्चा करते हुए कहा कि समिति के सभी सदस्य अपने कार्यक्षेत्र की जिम्मेदारियों को भली-भांति समझें तथा प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य करें. किसी भी कार्य में देरी या लापरवाही सीधे तौर पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्रभावित कर सकती है.
यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्देश दिए कि कथा के दौरान किसी भी स्थिति में जाम की समस्या उत्पन्न न हो. ऑटो स्टैंड की समुचित व्यवस्था, स्टैंड तक पहुंचने के लिए उचित ढलान निर्माण तथा वाहनों की आवाजाही के लिए सुव्यवस्थित मार्ग बनाए जाएं. उन्होंने कहा कि हाईवे एवं मुख्य मार्गों पर यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए डायवर्जन प्लान प्रभावी रूप से लागू किया जाए. कलेक्टर ने सड़क मार्गों पर पर्याप्त संकेतक, फ्लेक्स एवं सूचना बोर्ड लगाने के निर्देश दिए, ताकि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को मार्ग संबंधी किसी प्रकार की परेशानी न हो. इसके साथ ही उन्होंने अनाउंसमेंट सिस्टम को सक्रिय रखने के निर्देश दिए, जिससे यातायात एवं आवश्यक सूचनाएं समय पर श्रद्धालुओं तक पहुंचाई जा सकें.
