
शाजापुर। टंकी चौराहा पर पुरानी रंजिश के चलते एक के बाद एक चाकू से कई वार किए. जब यह वारदात हुई तब पेट्रोल पंप पर वाहन चालक मौजूद थे, लेकिन किसी ने मदद नहीं की. शोर सुनकर वहां से गुजर रहे कुछ युवक पहुंचे, उन्होंने बीचबचाव किया. इसके बाद घायल युवक को उसका दोस्त जिला अस्पताल ले गया, यहां से उसे इंदौर रेफर कर दिया गया.
वारदात हाईवे पर टंकी चौराहे के पास रिलायंस पेट्रोल पंप पर गुरुवार रात करीब 11 बजे हुई. गोविंद पाटीदार अपने दोस्त रमेश राजपूत के साथ बाइक पर पेट्रोल भरवाने आया था. इसी दौरान आरोपी सतीश राठौर ने चाकू निकाल लिया. गोविंद अपनी जान बचाने के लिए पेट्रोल पंप पर इधर-उधर भागने लगा. सतीश चाकू लेकर उसका पीछा करता रहा. भागने के दौरान गोविंद गिर गया. सतीश ने उसे पकड़ लिया. उसने गोविंद के हाथ और सिर पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
मदद के लिए चीखता रहा घायल
गोविंद मदद मांगता रहाए लेकिन पंप का स्टाफ और वहां मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे. उसका दोस्त भी डर के चलते आरोपी से दूर ही रहा. शोर सुनकर कुछ युवक वहां आएए तब रमेश ने हिम्मत कर खून से लथपथ गोविंद को स्कूटर पर बिठाया. उसे कपड़े से बांधकर जिला अस्पताल ले गया. प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में उसे इंदौर रैफर किया गया.
घायल को इंदौर रैफर किया
जिला अस्पताल में पदस्थ डॉक्टर बलराम पाटीदार ने बताया कि घायल अवस्था में गोविंद पाटीदार को जिला अस्पताल लाया गया था. उसके दाएं हाथ में किसी धारदार हथियार से चोट लगे होने के निशान थे. प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रैफर किया गया है.
घायल के दोस्त रमेश राजपूत ने बताया कि मूलीखेड़ा के रहने वाले दोस्त गोविंद पाटीदार के साथ पेट्रोल भरवाने के लिए आया था. इसी दौरान एक युवक आया और गोविंद से विवाद करने लगा, उसने चाकू निकाल लिया. उससे बचने के लिए गोविंद पंप के आसपास ही भागता रहा. युवक ने उसे पकड़ लिया और चाकू से वार करना शुरू कर दिया. गोविंद सीसीटीवी कैमरे लगाने का काम करता है.उसकी आरोपी से पुरानी रंजिश है. कोतवाली थाना प्रभारी संतोष वाघेला ने बताया सीसीटीवी में पूरी वारदात कैद हो गई है. उसी के आधार पर आरोपी सतीश राठौर को मक्सी से गिरफ्तार किया है. आरोपी सतीश और गोविंद के बीच पुराने कुछ लेनदेन की बात सामने आ रही है, पूछताछ की जा रही है.
