
दमोह। देहात थाना क्षेत्र के सागर नाका टोल बैरियर पर मंगलवार रात टोल के पैसों के विवाद पर तोड़फ़ोड़ और मारपीट की घटना घटित हुई है.इस घटना में दो कर्मचारी घायल हुए हैं जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.वहीं आरोपियों ने टोल पर लगी लाखों रुपए की मशीन में तोड़फोड़ की है. इसके अलावा घायल कर्मचारी ने पैसों की लूट का आरोप भी लगाया है. यह पूरी घटना टोल नाके पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. जिसमें 6 से अधिक बदमाश मारपीट करते हुए दिखाई दे रहे हैं. घटना के बाद देहात थाना पुलिस टोल बैरियर पहुंची और अन्य कर्मचारियों से मामले की जानकारी ली. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है.घटना मंगलवार रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है.
जानकारी के अनुसार दमोह सागर स्टेट हाईवे पर कोरासा गांव के आगे टोल नाका संचालित होता है. बताया जा रहा है कि सागर जिले के गढ़ाकोटा निवासी मुकेश यादव अपने साथियों के साथ टोल नाका पहुंचा. यहां टोल के पैसों को लेकर उसका कर्मचारियों के साथ विवाद हो गया. विवाद इतना बढ़ गया कि मुकेश यादव के साथ कार में मौजूद करीब 6 से अधिक लोगों ने टोल के कर्मचारियों के साथ मारपीट कर दी. टोल पर रखे कंप्यूटर तोड़ दिए, मशीनों में तोड़फोड़ कर दी.इस घटना में दो कर्मचारी घायल हुए हैं और पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है. जिसमें आरोपी भागते हुए दिखाई दे रहे हैं. घटना के बाद आरोपी फरार हो गए हैं. घायल कर्मचारी देवेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि गढ़ाकोटा के कुछ लोग कार से टोल पर आए थे. पैसे मांगे जिसको लेकर कहा सुनी हुई.6 से अधिक लोगों ने टोल नाका पर तोड़फोड़ कर दी और हमारे साथ मारपीट भी की गई है.उस दौरान टोल नाके पर करीब 10 से अधिक कर्मचारी भी मौजूद थे, जिन्होंने पूरी घटना देखी है.टोल पर करीब 15000 रुपए रखे थे जो आरोपी लूट कर ले गए हैं.दूसरे घायल मदन सिंह परिहार सिहोरा ने बताया की कार सवार व्यक्ति ने अपने आप को गढ़ाकोटा का मुकेश यादव बताया था.उसके साथ कई लोग थे.जिन्होंने टोल के कर्मचारियों से डंडों से मारपीट की और टोल में तोड़फोड़ कर दी है. घटना की जानकारी लगते ही देहात थाना टीआई अमित गौतम, सागर नाका चौकी प्रभारी विक्रम सिंह दांगी मौके पर पहुंचे.टोल पर लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले में जांच शुरू कर दी है. उधर घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जानकारी देते हुए एडिशनल एसपी सुजीत सिंह भदोरिया ने बताया कि रात में जानकारी लगी थी कि टोल नाके पर कुछ विवाद हुआ है. जिसमें दो कर्मचारी घायल हुए हैं. घायलों की रिपोर्ट पर और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले में जांच की जा रही है.सीसीटीवी फुटेज में आरोपी लूट की घटना करते हुए नहीं दिखाई दे रहे हैं. वह केवल तोड़फोड़ कर रहे हैं. फिर भी वहां लगे सभी सीसीटीवी फुटेज जांचे जा रहे हैं और आरोपियों की तलाश में टीम रवाना की गई है.
लूट की घटना पर संदेह
घायल कर्मचारियों ने टोल नाके पर भले ही 15000 रुपए के आसपास की लूट की घटना के आरोप लगाए हैं, लेकिन वाहनों में अधिकांश फास्ट ट्रैक का उपयोग होता है और ज्यादातर लोग नगद देने की अपेक्षा कैशलेस का ही उपयोग करते हैं. इसके अलावा जब रात में दूसरी कर्मचारियों की शिफ्ट चालू होती है उसके पहले पैसों का हिसाब किताब भी हो जाता है.
टोल नाका से गुजरने वाले वाहनों से 40-50 से लेकर 100 तक लिया जाता है. फिर भी कर्मचारियों ने आरोप लगाए हैं तो पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है.
