
रायसेन। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 8 अगस्त को रायसेन जिले के तामोट स्थित औद्योगिक क्षेत्र प्लास्टिक पार्क में नवीन औद्योगिक इकाईयों के भूमिपूजन एवं आशय पत्र वितरण कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस अवसर पर वे उद्योगपतियों से संवाद कर प्रदेश में औद्योगिक विकास को गति देने पर चर्चा भी करेंगे।
कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा और पुलिस अधीक्षक पंकज पांडे ने तामोट का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली और दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एएसपी कमलेश कुमार खरपुसे, एसडीएम चन्द्रशेखर श्रीवास्तव सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।
मिनिट-टू-मिनिट कार्यक्रम के अनुसार:
मुख्यमंत्री दोपहर 12 बजे औबेदुल्लागंज पहुंचेंगे और सागर मैन्युफैक्चरर प्रा. लि. का भ्रमण कर रक्षाबंधन कार्यक्रम में भाग लेंगे। 12:40 बजे वे तामोट पहुंचेंगे जहां औद्योगिक इकाईयों का भूमिपूजन व लोकार्पण करेंगे। इसके बाद आनंद टेक प्लास्ट प्रा. लि. का निरीक्षण होगा। दोपहर 2:10 बजे मुख्यमंत्री तिरंगा यात्रा को फ्लैग ऑफ करेंगे और फिर कार्यक्रम स्थल से प्रस्थान करेंगे।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री नारायण सिंह पंवार, स्वास्थ्य राज्यमंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल और विधायक सुरेन्द्र पटवा भी मौजूद रहेंगे।
