छतरपुर: छतरपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 20 वर्षीय युवक सौरभ कुशवाहा की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब सौरभ अपनी मां को बस स्टैंड छोड़ने के बाद घर लौट रहा था। जैसे ही वह गांव की देवी मंदिर के पास पहुंचा, सामने से एक अन्य बाइक अचानक आ गई। टक्कर से बचने के प्रयास में सौरभ ने तेजी से ब्रेक लगाया जिससे उसकी बाइक फिसल गई और वह गिर पड़ा।
गिरते ही पीछे से आ रहा ईंटों से भरा ट्रैक्टर उसे बचाने की कोशिश में एक तरफ मुड़ा, लेकिन तब तक सौरभ का सिर ट्रैक्टर के पिछले पहियों की चपेट में आ गया। चालक ने तुरंत बचाव की कोशिश की लेकिन ट्रैक्टर पास की दीवार से टकरा गया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया गया। मृतक सौरभ अपने परिवार में इकलौता बेटा था, उसकी दो छोटी बहनें हैं।स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर फिसलन होने के कारण बाइक का संतुलन बिगड़ा और यह हादसा हुआ। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
