सियासत
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भारतीय जनता पार्टी के बीच अत्यंत महत्वपूर्ण बैठक नई दिल्ली स्थित नवनिर्मित केशव कुंज में सोमवार शाम को शुरू हो गई. इस बैठक में अत्यंत महत्वपूर्ण निर्णय होने वाले हैं. सूत्रों के अनुसार राष्ट्रीय अध्यक्ष के अलावा केंद्रीय मंत्रिमंडल में फेरबदल, प्रदेशाध्यक्षों के संबंध में निर्णय के साथ ही अनेक महत्वपूर्ण विषय पर विचार विमर्श होगा.
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने 2022 से 2024 के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार और जेपी नड्डा के नेतृत्व में हुए संगठन के कामकाज की विस्तृत और गहराई से समीक्षा की है. संघ अपनी समीक्षा पर आधारित एक रिपोर्ट भाजपा नेतृत्व के समक्ष रखेगा. इसके अलावा भविष्य के तीन वर्षों में सरकार का क्या एजेंडा रहेगा इस पर भी दोनों संगठन (भाजपा और संघ) चर्चा करने वाले हैं।
ध्यान रहे यह संघ की रूटीन समन्वय बैठक नहीं है, क्योंकि इसमें भाग लेने के लिए सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबले, सभी छह सह सरकार्यवाह, अखिल भारतीय कार्यकारिणी के सदस्य सुरेश सोनी केशव कुंज में कैंप किए हुए हैं.जाहिर है इस बैठक में भविष्य की योजनाओं का खाका तैयार होगा. इसमें भावी भाजपा अध्यक्ष, केंद्रीय मंत्रिमंडल में किसे हटाना है किसे लाना है, के साथ ही वन नेशन वन इलेक्शन और यूसीसी सहित सभी महत्वपूर्ण एजेंडे पर चर्चा होगी. प्रदेश के भाजपा नेताओं के निगाहें इस बैठक पर इसलिए है, कि विष्णु दत्त शर्मा के स्थान पर प्रदेश अध्यक्ष किसे बनाया जाता है?
