संभल, 7 अगस्त (वार्ता) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को कहा कि सनातन धर्म के पवित्र स्थलों को अपवित्र करने वालों को कीमत चुकानी पड़ेगी।
संभल जिले के बहजोई में 659 करोड़ रुपये की 222 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के अवसर पर एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि संभल की सच्चाई को छिपाने वाले गलत मंसूबों को ध्वस्त किया जाएगा और संभल के साथ पाप करने वालों को उनके पापों की सजा मिलेगी। संभल के विकास को बाधित करने वालों को कीमत चुकानी पड़ेगी। सनातन धर्म के पवित्र स्थलों को अपवित्र करने वालों को कीमत चुकानी पड़ेगी।
उन्होने कहा कि संभल में कभी 68 तीर्थ, 19 पावन कूप और परिक्रमा मार्ग थे, लेकिन विदेशी बर्बर आक्रांताओं ने हमारे तीर्थों को अपवित्र और नष्ट करने का कार्य किया। सभी कूपों और तीर्थों पर कब्जे हो गए। 24 और 84 कोस परिक्रमा मार्ग को बाधित किया गया। एक सत्य को छिपाने का कुत्सित प्रयास किया गया।
मुख्यमंत्री ने इस अन्याय को ‘कुत्सित चेष्टा’ बताते हुए जोर देकर कहा कि उनकी सरकार अब इन 68 तीर्थों और 19 कूपों के पुनरोद्धार की जिम्मेदारी उठाएगी। उन्होंने लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर का उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे उन्होंने काशी विश्वनाथ और सोमनाथ मंदिरों का पुनरोद्धार किया, वैसे ही संभल के तीर्थों को भी नया जीवन दिया जाएगा। योगी ने संभल को हिंदू आस्था का प्रतीक बताते हुए विदेशी आक्रांताओं, कांग्रेस और सपा को निशाने पर लिया और चेतावनी दी कि ‘संभल के साथ पाप करने वालों को उनके पापों की कड़ी सजा मिलेगी।’ उन्होने कहा कि विकास तभी सार्थक होता है जब वह विरासत के साथ जुड़ता है। ये विरासत का संरक्षण भी है और वर्तमान एवं भविष्य के सुनहरे सपने को उड़ान देने का अभियान है।
मुख्यमंत्री ने संभल की धार्मिक महत्वता पर जोर देते हुए कहा कि यह स्थान हरि (विष्णु) और हर (शिव) दोनों का सामूहिक दर्शन स्थल है, जहां भगवान विष्णु के 10वें अवतार कल्कि अवतरित होंगे। उन्होंने पुराणों का हवाला देते हुए बताया कि श्रीमद्भागवत महापुराण, स्कंद पुराण और विष्णु पुराण में संभल की चर्चा है और यह कलियुग में भगवान कल्कि के अवतार का केंद्र होगा। सीएम योगी ने कहा कि कुछ लोगों को ये विवादित विषय लगता होगा, क्योंकि जिनकी पृष्ठभूमि ही विवादित है, उन्हें हिंदू परंपरा में विवाद नजर आता है। मगर ये विवाद का विषय नहीं हो सकता। उन्होंने स्पष्ट रूप से उन लोगों पर निशाना साधा जो हिंदू विरासत को विवादित बनाने की कोशिश करते हैं और चेतावनी दी कि ऐसे कुत्सित प्रयासों को ध्वस्त किया जाएगा।
काशी और अयोध्या का जिक्र करते हुए योगी ने अपनी सरकार की उपलब्धियों को गिनाया और पूछा कि अगर काशी और अयोध्या का पुनरोद्धार हो सकता है तो संभल का क्यों नहीं। उन्होंने भगवान कल्कि और हरिहर धाम के पुनरोद्धार के लिए सरकार की संकल्पबद्धता जताई। उन्होने कांग्रेस और सपा निशाना साधते हुए कहा, ‘याद करना संभल के साथ सपा और कांग्रेस ने कौन-कौन से पाप यहां किए हैं। कांग्रेस ने यहां सामूहिक हत्याएं कराईं और उसके चेले के रूप में सपा ने हत्यारों को बचाने का कार्य किया। आजादी के बाद जो कत्लेआम हुए, उसकी सच्चाई सामने आ जाती तो उनके वोट बैंक खिसकने का भय था।’
सनातन धर्म के पवित्र स्थलों को अपवित्र करने वालों को चुकानी होगी कीमत: योगी
