उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में हाल ही में बादल फटने से हुई तबाही ने एक बार फिर विकास और विनाश के बीच की नाजुक रेखा को उजागर कर दिया है. धराली गांव में बादल फटने से अचानक आई बाढ़ और मलबे ने कई घरों, होटलों और दुकानों को बहा दिया, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई और कई लापता हो गए. यह घटना, 2013 की केदारनाथ त्रासदी और 2021 के चमोली हादसे जैसी पिछली आपदाओं की याद दिलाती है. ये घटनाएं भूगर्भीय अस्थिरता, नदियों के बहाव में रुकावट, और बदलते मौसम के कारण होती हैं, लेकिन यह भी सच है कि इन आपदाओं का मुख्य कारण मानव-जनित गतिविधियों का बढ़ता हस्तक्षेप है. दरअसल, उत्तराखंड एक भूगर्भीय रूप से सक्रिय और संवेदनशील क्षेत्र है. हिमालय एक नवोदित पर्वत श्रृंखला है, जो अभी भी बन रही है, और यहां की मिट्टी और चट्टानें अत्यंत नाजुक हैं. इसके बावजूद, चारधाम सडक़ परियोजना, सुरंगें, जलविद्युत परियोजनाएं, और बड़े-बड़े होटल व इमारतें बिना किसी पर्यावरणीय संतुलन के बनाई जा रही हैं. विशेषज्ञों ने लगातार चेतावनी दी है कि पर्वतीय क्षेत्रों में भारी मशीनों का प्रयोग, डायनामाइट से पहाडिय़ों को उड़ाना, और नदियों के प्राकृतिक बहाव को मोडऩा दीर्घकालिक रूप से विनाशकारी हो सकता है. 2013 की केदारनाथ त्रासदी से लेकर 2023 के जोशीमठ भू धंसाव और हालिया उत्तरकाशी सुरंग हादसे तक, हर आपदा में मानवीय हस्तक्षेप एक प्रमुख कारण के रूप में सामने आया है.
उत्तराखंड में 450 से अधिक जलविद्युत परियोजनाएं प्रस्तावित या निर्माणाधीन हैं, जिनमें से कई संवेदनशील भूकंपीय क्षेत्रों में स्थित हैं. भूवैज्ञानिकों और पर्यावरणविदों ने चेतावनी दी है कि इतनी बड़ी संख्या में सुरंगें और डायवर्सन नदियों के प्राकृतिक बहाव को अस्थिर कर सकते हैं, जिससे भविष्य में और भी बड़ी आपदाओं का खतरा बढ़ सकता है.
यह समझना महत्वपूर्ण है कि उत्तराखंड जैसे हिमालयी राज्यों को विकास की आवश्यकता है, खासकर जब यह क्षेत्र सामरिक दृष्टि से भी अहम हो. लेकिन यह विकास सतत और संवेदनशील होना चाहिए. हमें प्रकृति के साथ तालमेल बिठाकर विकास करना होगा.
केंद्र और राज्य सरकारों को मिलकर एक ऐसा ढांचा तैयार करना चाहिए, जिसमें नीति आयोग, पर्यावरण मंत्रालय, और रक्षा विभाग एक साथ काम करें. इस ढांचे में पर्यावरण विशेषज्ञों को शामिल किया जाए और स्थानीय भूगोल, पारंपरिक ज्ञान और समुदायों की भागीदारी को प्राथमिकता दी जाए. पहाड़ सिर्फ पर्यटन स्थल नहीं हैं, बल्कि लाखों लोगों की आस्था, आजीविका, और विरासत का हिस्सा हैं. यदि हम समय रहते निर्माण की दिशा और प्रकृति को नियंत्रित नहीं करते हैं, तो हम न केवल प्राकृतिक आपदाओं की मार झेलेंगे, बल्कि आने वाली पीढिय़ों को भी एक अस्थिर और असुरक्षित हिमालय सौंपेंगे. कुल मिलाकर उत्तराखंड की यह दुर्घटना एक गंभीर चेतावनी है. हमें अब रुककर सोचने की आवश्यकता है कि क्या विकास वास्तव में विनाश की कीमत पर ही संभव है ?. इसका समाधान प्रकृति के साथ चलने में है, न कि उसके विरुद्ध. दरअसल, पहाड़ हमारी समृद्ध विरासत का हिस्सा हैं. इनकी सुरक्षा हर कीमत पर जरूरी है.उत्तराखंड और हिमालयी राज्य एक ओर विकास की आकांक्षाओं से भरे हैं, वहीं दूसरी ओर पारिस्थितिकी की सीमा भी स्पष्ट है. विकास की जरूरत से इनकार नहीं किया जा सकता, विशेषकर जब यह क्षेत्र सामरिक दृष्टि से भी अहम हो; लेकिन यह भी उतना ही आवश्यक है कि विकास पर्यावरण के प्रति संवेदनशील हो.
