नयी दिल्ली 05 अगस्त (वार्ता) दिल्ली पुलिस ने लाल किला परिसर में घुसने की कोशिश कर रहे पांच बंगलादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया है।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक ये पांचों बंगलादेशी सोमवार को लाल किला परिसर में घुसने की कोशिश कर रहे थे। उस वक्त सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों को शक हुआ तो इन सभी को हिरासत में लिया गया।
पुलिस ने बताया कि ये सभी अवैध प्रवासी हैं। इन सभी की उम्र लगभग 20-25 साल है और ये दिल्ली में मज़दूरी करते हैं। पुलिस ने इनके पास से कुछ बंगलादेशी दस्तावेज भी बरामद किये हैं। इसके अलावा कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।
पुलिस फिलहाल इनसे पूछताछ की जा रही है और यह जानने की कोशिश की जा रही है कि आखिर यह लाल किला परिसर में क्यों घुस रहे थे और इनका क्या मकसद था।
