इजरायली प्रधानमंत्री नेतन्याहू का दावा, जल्द ही गिर जायेगी ईरान सरकार

यरूशलम, 02 जून (वार्ता) इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने दावा किया है कि ईरान की सत्ता की नींव ‘हिल’ चुकी है और सरकार किसी भी समय गिर सकती है। उन्होंने सोमवार रात मोसाद के निवर्तमान प्रमुख डेविड बार्निया के विदाई समारोह में कहा कि ईरान को इजरायल के खिलाफ अपनी आक्रामकता और आतंकी हरकतों की भारी कीमत चुकानी पड़ी है। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल के अनुसार, श्री नेतन्याहू ने कहा, “ईरान के इस आतंकवादी शासन की नींव दरक चुकी है। यह अब कभी पहले जैसा नहीं हो पायेगा और मैं आपसे कहता हूं- आखिरकार यह सरकार गिरकर रहेगी।”

इसके साथ ही उन्होंने इजरायल के खिलाफ साजिश रचने वाले किसी भी देश या संगठन को चेतावनी देते हुए कहा कि उनकी योजनाएं कभी सफल नहीं होंगी और उन्हें इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। उन्होंने सावधान किया, “जो कोई भी इजरायल के खिलाफ बुरा सोचता है, वह जान ले कि उसकी चालें नाकाम होंगी और उसे इसकी बहुत भारी कीमत चुकानी होगी।” इजरायली प्रधानमंत्री ने देश की खुफिया एजेंसी ‘मोसाद’ की तारीफ करते हुए उसे दुनिया के बेहतरीन ‘ब्रांड्स’ में से एक बताया। उन्होंने श्री डेविड बार्निया को उनकी 30 वर्षों की सेवा के लिए धन्यवाद दिया, जिसमें निदेशक के रूप में उनके पांच साल का कार्यकाल भी शामिल है।

इस मौके पर मोसाद के निवर्तमान प्रमुख श्री बार्निया ने भी कहा कि इजरायल को ईरान की सत्ता को उखाड़ फेंकने के अपने संकल्प पर कायम रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि फिलहाल थमे हुए युद्ध में भारी नुकसान झेलने के बाद ईरान इस समय अपने सबसे कमजोर दौर से गुजर रहा है, इसलिए इजरायल को आगे बढ़कर ‘काम पूरा’ करना चाहिए। श्री बार्निया ने कहा, “मेरा हमेशा से यह मानना रहा है कि ईरान की सत्ता को उखाड़कर वहां के हालात बदलना एक ऐसा लक्ष्य है, जिसे हासिल किया जा सकता है।”
उन्होंने सुझाव दिया कि इस मकसद को पूरा करने के लिए ‘दृढ़ता, ठंडे दिमाग और मिशन के प्रति संकल्प’ की जरूरत होगी और इसे हमारी सबसे पहली प्राथमिकता में बने रहना चाहिए।

.....

Next Post

पांच वर्षों बाद भी ग्राम पंचायत ने कृषक को नहीं दी राशि,पीड़ित ने जनसुनवाई में कलेक्टर से लगाई गुहार

Tue Jun 2 , 2026
पांढुरना। अपने खेत के कुएं से बड़चिचोली के ग्रामीणों को पानी पिलाने वाले कृषक को पिछले पांच वर्षों से ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधियों तथा अधिकारियों द्वारा 28 हजार से अधिक की राशि का भुगतान नहीं कर उसे बैरंग लौटाते रहे,आहत किसान ने आज नगर जिला मुख्यालय के जनसुनवाई में कलेक्टर […]

You May Like