नयी दिल्ली, 03 अगस्त (वार्ता) वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने रविवार को एक पोस्ट में अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) की एक रिपोर्ट साझा करते हुये सोशल मीडिया पर लिखा कि देश की अर्थव्यवस्था फल-फूल रही है।
आईएमएफ ने हाल ही में विश्व आर्थिक परिदृश्य 2025 का जुलाई अपडेट जारी किया था। इसमें उसने मौजूदा और अगले वित्त वर्ष के लिए भारत का विकास अनुमान बढ़ाकर 6.4 प्रतिशत कर दिया है।
श्री गोयल ने रिपोर्ट से वह पृष्ठ साझा किया है जिसमें दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्थाओं की विकास दर का अनुमान है। इसमें भारत का अनुमान सबसे ज्यादा है। अमेरिका का विकास अनुमान इस साल के लिए 1.5 प्रतिशत और अगले साल के लिए 1.6 प्रतिशत है। इसी प्रकार जर्मनी का विकास अनुमान क्रमशः 0.1 प्रतिशत और 0.9 प्रतिशत है।
जापान का विकास अनुमान इस साल के लिए 0.7 प्रतिशत और अगले साल के लिए 0.5 प्रतिशत है। कनाडा का विकास अनुमान क्रमशः 1.6 प्रतिशत और 2.1 प्रतिशत रखा गया है।
भारत के बाद सर्वाधिक विकास अनुमान चीन का है। आईएमएफ की रिपोर्ट में कहा गया है चीन की अर्थव्यवस्था इस साल 4.8 प्रतिशत और अगले साल 4.2 प्रतिशत की रफ्तार से बढ़ेगी।
