लॉस एंजिल्स 02 अगस्त (वार्ता) अमेरिका में मोंटाना राज्य के एनाकोंडा में शुक्रवार को एक बार में हुई गोलीबारी में चार लोगों की मौत हो गई।
स्थानीय मीडिया ने कानून प्रवर्तन अधिकारियों के हवाले से यह जानकारी दी है।
एनबीसी मोंटाना की रिपोर्ट के अनुसार गोलीबारी कल सुबह दक्षिण-पश्चिमी मोंटाना के एनाकोंडा शहर के द आउल बार में हुई।
एनाकोंडा-डियर लॉज काउंटी कानून प्रवर्तन केंद्र द्वारा एक फेसबुक पोस्ट के अनुसार संदिग्ध की पहचान माइकल पॉल ब्राउन के रूप में हुई है। पोस्ट में कहा गया है, ”जानकारी के लिए बता दें कि गोलीबारी करने वाला संदिग्ध हथियारबंद और खतरनाक हो सकता है।”
अधिकारियों ने फेसबुक पर संदिग्ध की एक तस्वीर पोस्ट की और लोगों को स्टंपटाउन क्षेत्र और आसपास के इलाकों से दूर रहने की सलाह दी।
मोंटाना हाईवे पेट्रोल ने एक फेसबुक पोस्ट में यह भी कहा कि ”स्टंपटाउन रोड और एंडरसन रैंच लूप रोड के पास एनाकोंडा के पश्चिम में भारी संख्या में कानून प्रवर्तन बल मौजूद हैं।”
एजेंसी ने आगे कहा, ”अधिकारी एक संदिग्ध की तलाश कर रहे हैं जिसके हथियारबंद होने की आशंका है। कृपया उस इलाके से दूर रहें।”
