
राजगढ़/ब्यावरा। अनवरत् हो रही बारिश के चलते जिले के कई जीर्णशीर्ण शाला भवनों पर खतरा मंडरा रहा है. एक के बाद एक जर्जर शाला भवन की छत, मलबा गिरने की घटनाएं सामने आ रही है. विगत दिवस सारंगपुर विकासखण्ड के उदनखेड़ी के समीप कमलसरा स्कूल भवन की छत का हिस्सा गिरने के बाद बीती रात्रि को राजगढ़ विकासखण्ड के खुजनेर के समीप सुस्तानी संकुल अंतर्गत डाबड़ी गांव स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय की छत का एक हिस्सा भरभराकर गिर गया. सौभाग्य से रात्रि के समय यह घटना होने से किसी प्रकार की कोई अनहोनी होने से बच गई.
जानकारी के अनुसार खुजनेर के समीप संकुल केन्द्र सुस्तानी के तहत प्राथमिक विद्यालय डाबडी के जीर्णशीर्ण भवन के कक्ष की छत का एक बड़ा हिस्सा रात्रि में गिर गया. घटना का पता शुक्रवार की सुबह चला जब स्टॉफ के कर्मचारी स्कूल पहुंचे.
इस संबंध में शिक्षा विभाग का कहना है कि डाबडी में जिस शासकीय प्रावि भवन की छत का हिस्सा गिरा वह जीर्णशीर्ण भवन होकर वहां पर कक्षाएं संचालित नहीं की जा रही है. भवन की स्थिति को देखते हुए अन्यत्र सुरक्षित जगह भवन में कक्षाएं संचालित की जा रही है.
30 जुलाई को गिरी थी कमलसरा स्कूल की छत
सारंगपुर तहसील के उदनखेड़ी के समीप कमलसरा गांव स्थित शासकीय माध्यमिक विद्यालय की छत 30 जुलाई को बारिश के चलते भरभराकर गिर गई थी हालांकि इसमें किसी प्रकार के कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ था. शाला भवन के एक कमरे की छत का एक हिस्सा अधिक बारिश के कारण गिर गया. यहां भी सौभाग्यवश उक्त जीर्णशीर्ण भवन के कमरे का उपयोग नहीं किया जा रहा था. शाला को प्राथमिक खंड के अतिरिक्त कक्ष में संचालित किया जा रहा है.
30 शालाओं को अन्यत्र लगाने निर्देश
जिले की ऐसी और 30 मावि, प्रावि शालाएं जो जीर्णशीर्ण अवस्था में है उनको वहां से अन्य जगह शिफ्ट करते हुए अतिरिक्त कक्ष या फिर अन्य सुरक्षित भवन में संचालित किए जाने के निर्देश शिक्षा विभाग ने दिए है.
भवन के जिस कक्ष की छत का हिस्सा गिरा है वहां पर कक्षा संचालित नहीं हो रही थी. भवन की स्थिति को देखते हुए पूर्व में ही सचेत होकर अन्यत्र जगह कक्षा का संचालन किया जा रहा है.
करण सिंह भिलाला
जिला शिक्षाधिकारी राजगढ़
