
बुधनी. थाना परिसर में पिस्टल लेकर घूमते युवक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने पर मीडिया ने इस मामले को प्रमुखता से उठाया था. उक्त वीडियो में दो शख्स थाना परिसर में घूमते हुए देखे गए थे.
एसडीओपी रवि शर्मा ने कहा कि रेहटी थाना अंतर्गत ग्राम सोयत निवासी स्वरूप पिता सुमेरसिंह यादव रेहटी ग्राम रक्षा समिति का सदस्य है. जो अपने साथ लाइसेंसी हथियार लेकर थाना परिसर में घूमते दिखाई दे रहा है. एसडीओपी शर्मा ने कहा कि पूर्व में 26 जून को आयोजित ग्राम तथा नगर सुरक्षा समिति के अनुभाग स्तरीय सम्मेलन के दौरान बनाई वीडियो क्लीपिंग को जोड़कर बनाया गया था. 31 जुलाई को जैसे ही ये मीडिया के माध्यम से वीडियो संज्ञान में आया. इस मामले में व्यक्ति द्वारा अशोभनीय आचरण करने पर तत्काल ग्राम रक्षा समिति से हटाया गया है और सोशल मीडिया पर वायरल रील को डिलीट करवाया गया है. सार्वजनिक स्थान पर हथियार के प्रदर्शन को लेकर शस्त्र लाइसेंस रद्द करने की कार्यवाही की जा रही है.
