
गुना। जिले में पिछले कुछ दिनों से जारी भारी बारिश और जलभराव ने जनजीवन को पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया है। शहर के कई मोहल्लों, बस्तियों और कॉलोनियों में पानी भर जाने से लोगों के घरों का सामान, खाने-पीने की वस्तुएं और बिस्तर नष्ट हो चुके हैं। ग्रामीण क्षेत्रों की भी स्थिति भयावह है। लोग खुले में रातें गुजारने को मजबूर हैं। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की हालत बेहद दयनीय बनी हुई है। संक्रमण फैलने की आशंका भी बढ़ गई है क्योंकि नदी-नालों का गंदा पानी घरों में घुस गया है। सड़कों की हालत जर्जर हो गई है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। किसानों की फसलें नष्ट हो चुकी हैं और यूरिया खाद की किल्लत से बची-खुची फसलें भी पीली पड़ रही हैं। कई जगहों पर जनहानि की भी दुखद खबरें आई हैं।
