छत्तीसगढ़: शीर्ष माओवादी नेताओं सहित 445 माओवादी ‘न्यूट्रलाइज़’

नयी दिल्ली/रायपुर 01 अगस्त (वार्ता) छत्तीसगढ़ में अब तक 33 बड़ी मुठभेड़ों में शीर्ष माओवादी नेताओं सहित 445 माओवादी ‘न्यूट्रलाइज़’ किए गए जबकि 1554 माओवादी गिरफ्तार किए गए एवं 1588 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया है।
राज्य के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार को संसद भवन में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से सौजन्य भेंट की। इस दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ के समग्र विकास, माओवादी चुनौती से निपटने की रणनीति सहित विभिन्न विषयों पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से चर्चा की।
श्री साय ने केंद्रीय गृह मंत्री को माओवादी विरोधी अभियानों की उपलब्धि एवं भविष्य की कार्ययोजना से भी अवगत कराया। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में माओवादी गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों में पिछले डेढ़ वर्षों में उल्लेखनीय सफलता मिली है।
उन्होंने कहा राज्य सरकार की ‘समन्वित विकास और सुरक्षा’ नीति के तहत माओवादी प्रभाव को पूरी तरह समाप्त करने का लक्ष्य रखा गया है। इस दिशा में सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। इन प्रयासों से न केवल माओवादी प्रभाव कम हुआ है, बल्कि स्थानीय समुदायों में प्रशासन के प्रति भरोसा भी बढ़ा है।
श्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ सरकार की माओवाद उन्मूलन के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने माओवादी उन्मूलन के लिए राज्य सरकार के प्रयासों को ऐतिहासिक बताया और केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का वादा किया।
बैठक में छत्तीसगढ़ के गठन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले अमृत रजत महोत्सव 2025 की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। श्री साय ने बताया कि इस आयोजन को भव्य और यादगार बनाने के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि इस महोत्सव के माध्यम से राज्य की सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक एकता, और आर्थिक उपलब्धियों को दुनिया के सामने प्रदर्शित किया जाएगा।

Next Post

बैंक धोखाधड़ी मामले में भगोड़े उदित खुल्लर को यूएई से प्रत्यर्पण

Fri Aug 1 , 2025
नयी दिल्ली 01 अगस्त (वार्ता) केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने 4.55 करोड़ रुपये के बैंक धोखाधड़ी मामले में वांछित भगोड़े उदित खुल्लर को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से प्रत्यर्पित कराये जाने की शुक्रवार को घोषणा की। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक इंटरपोल के जरिए यूएई में पकड़े गए खुल्लर को वहां […]

You May Like