रायसेन: रायसेन से राहतगढ़ को जोड़ने वाला निर्माणाधीन स्टेट हाईवे बारिश के मौसम में यात्रियों के लिए परेशानी का सबब बनता जा रहा है। कल शाम थाना देवनगर क्षेत्र के ग्राम आमखेड़ा के पास सागर-भोपाल निर्माणाधीन मुख्य मार्ग पर कृष्णा ट्रेवल्स की एक यात्री बस सड़क से नीचे उतरकर फंस गई। बस एक ओर झुककर टेढ़ी हो गई, जिससे यात्रियों में कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया।
गनीमत रही कि बस सड़क किनारे पलटी नहीं और हादसे में किसी यात्री को चोट नहीं आई। घटना के बाद बस में सवार यात्रियों ने स्वयं प्रयास कर टोचन की मदद से बस को बाहर निकालने की कोशिश की। सूचना मिलने पर मौके पर सहायता पहुंची और पोकलेन मशीन बुलाकर बस को दोबारा सड़क पर लाने का काम शुरू किया गया।
बारिश में बढ़ रही परेशानी
स्थानीय लोगों के अनुसार बारिश शुरू होते ही निर्माणाधीन हाईवे पर जगह-जगह कीचड़ और गड्ढों की समस्या बढ़ गई है। इससे भारी वाहनों के साथ यात्री वाहन भी फंसने लगे हैं। कुछ दिन पहले हुई बारिश के दौरान भी इस मार्ग पर कई वाहन फंस गए थे, जिसके बाद प्रशासन को वैकल्पिक मार्ग से वाहनों की आवाजाही करानी पड़ी थी।
पहले भी हो चुके हैं हादसे
यह मार्ग पहले भी गंभीर हादसों के कारण चर्चा में रहा है। निर्माणाधीन पुलिया में गिरने से दो बाइक सवारों की मौत हो चुकी है। इसके बावजूद सड़क निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा इंतजामों और चेतावनी संकेतों की कमी को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं।
यात्रियों ने जताई चिंता
बारिश के मौसम में सड़क की खराब स्थिति को देखते हुए यात्रियों और वाहन चालकों ने निर्माण एजेंसी व प्रशासन से मार्ग को सुरक्षित बनाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते आवश्यक सुधार नहीं किए गए तो बारिश के दौरान बड़े हादसे होने की आशंका बनी रहेगी।
