
ब्यावरा।लगातार हो रही बारिश ने पानी ही पानी कर दिया है. नदी, नाले उफान पर आ रहे है. स्थानीय अजनार नदी गुरुवार को भी उफान पर रही. सिविल अस्पताल रोड पुल पर पानी होने से कई घंटे तक आवागमन ठप्प रहा.
विदित है कि नगर सहित जिले के अधिकतर स्थानों पर बारिश का सिलसिला जारी है. तेज तो कभी मध्यम बारिश हो रही है. नगर में बीती रात्रि से बारिश का क्रम शुरु हो गया. सुबह होते-होते अजनार नदी अपने पूरे वेग के साथ उफान पर आ गई. सुबह करीब 8 बजे सिविल अस्पताल रोड पुल पर पानी आने के बाद आवाजाही बंद हो गई. दोपहर लगभग 1.30 बजे पुल से नीचे पानी पहुंचने पर आवागमन शुरु हो सका. इसी तरह आसपास क्षेत्र में मौजूद नदी, नाले भी उफान पर आने से मुख्य मार्गो पर आवागमन बाधित हो रहा है.
राहगीर हुए परेशान
सिविल अस्पताल रोड पुल पर पानी होने के कारण सिविल अस्पताल, तहसील कार्यालय, एसडीएम कार्यालय, कर्मचारी कॉलोनी सहित अन्य रहवासी क्षेत्र में रहने वाले, नागरिकों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. लम्बी दूरी तय कर राजगढ़ रोड से होकर आना-जाना पड़ा. सर्वाधिक परेशानी का सामना अस्पताल जाने वाले मरीजों को करना पड़ा.
ब्यावरा में सर्वाधिक बारिश
जिले में ब्यावरा में सर्वाधिक बारिश हुई है. 31 जुलाई की सुबह 8 बजे तक जिले में तहसीलवार बारिश की स्थिति इस प्रकार है जीरापुर में 938 एमएम, खिलचीपुर 999.2, राजगढ़ 899.4, ब्यावरा में 1748.8 एमएम, नरसिंहगढ़ 1108.6, सारंगपुर 421.6, पचोर में 741.6 एमएम बारिश हुई है.
जिले की औसत वर्षा आज दिनांक तक 988.2 एमएम हो गई है जो कि गत वर्ष आज दिनांक तक 613.7 एमएम ही बारिश हुई थी.
