नई दिल्ली, 31 जुलाई (वार्ता) दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) के लिए उत्साह बढ़ता जा रहा है, और पुरानी दिल्ली 6 ने आगामी सीजन 2 के लिए विकेटकीपर बल्लेबाज वंश बेदी को अपना कप्तान घोषित किया है। डीपीएल का दूसरा संस्करण शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी के प्रतिष्ठित अरुण जेटली स्टेडियम में शुरू होगा।
2024 के संस्करण में शानदार प्रदर्शन के बाद,जहां टीम सेमीफाइनल तक पहुंची थी, पुरानी दिल्ली 6 इस सीजन में एक और खिताब जीतने की तैयारी में है। वंश ने पिछले साल घरेलू सीजन में सभी को प्रभावित किया था।
इस घोषणा पर , पुरानी दिल्ली 6 के मालिक आकाश नांगिया ने कहा, ”वंश युवा, ऊर्जावान और तेज क्रिकेट दिमाग वाला है। हमें पूरा विश्वास है कि उसकी कप्तानी में, पुरानी दिल्ली 6 न केवल साहसिक क्रिकेट खेलेगा, बल्कि मैदान पर पुरानी दिल्ली की भावना को भी आगे बढ़ाएगा।”
पुरानी दिल्ली 6 अपने दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) 2025 अभियान की शुरुआत 5 अगस्त को दोपहर 2:00 बजे आउटर दिल्ली वॉरियर्स के खिलाफ मुकाबले से करेगा। इसके बाद 7 अगस्त को दोपहर 2:00 बजे वेस्ट दिल्ली लायंस के खिलाफ एक अहम मुकाबला होगा।
8 अगस्त को, टीम शाम 7:00 बजे दूधिया रोशनी में न्यू दिल्ली टाइगर्स से भिड़ेगी। उनका अंतिम ग्रुप चरण का मुकाबला 27 अगस्त को होगा, जहां उनका सामना शाम 7:00 बजे एक और प्राइम-टाइम मैच में साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज से होगा।
दूसरे सीजन में आठ पुरुष और चार महिला टीमें भाग लेंगी और पुरुषों का फाइनल 31 अगस्त को होगा। पुरुषों के टूर्नामेंट में कुल 40 मैच होंगे।
आठ टीमों को चार-चार के दो समूहों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक टीम कुल 10 लीग मैच खेलेगी। वे अपने समूह की अन्य तीन टीमों से दो बार (घरेलू और बाहरी) डबल राउंड-रॉबिन प्रारूप में भिड़ेंगी, और एकल राउंड-रॉबिन प्रारूप में विरोधी समूह की चार टीमों में से प्रत्येक के साथ एक-एक बार खेलेंगी।
लीग चरण के अंत में, शीर्ष चार टीमें प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करेंगी। पहले और दूसरे स्थान पर रहने वाली टीमें क्वालीफायर 1 में भिड़ेंगी, जिसमें विजेता को सीधे फाइनल में जगह मिलेगी। तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमें एलिमिनेटर में प्रतिस्पर्धा करेंगी, जहां हारने वाली टीम टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी।
एलिमिनेटर की विजेता टीम क्वालीफायर 2 में क्वालीफायर 1 की हारने वाली टीम से भिड़ेगी। उस मैच की विजेता टीम को फाइनल में शेष स्थान मिलेगा। पुरुषों के फाइनल के लिए एक आरक्षित दिन 1 सितंबर को निर्धारित है।
पूरी टीम:
वंश बेदी (कप्तान), ऋषभ पंत (मार्की प्लेयर), ललित यादव, देव लाकड़ा, आयुष सिंह, समर्थ सेठ, आरुष मल्होत्रा, सार्थक पाल, अग्रीम शर्मा, विवेक यादव, युग गुप्ता, उधव मोहन, प्रणव पंत, प्रिंस मिश्रा, रुशल सैनी, आर्यन कपूर, प्रदीप पाराशर, एकांश डोबाल, आदित्य मल्होत्रा, रजनीश दादर, आशीष चौरसिया, कुश नागपाल, ध्रुव चौहान, गौरव सरोहा
