तिलक-कलावा विवाद: ABVP का हंगामा, प्रिंसिपल की सफाई धार्मिक प्रतीकों पर कोई रोक नहीं

बैतूल। लिटिल फ्लॉवर मिशनरी स्कूल में एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं का आरोप था कि स्कूल में छात्रों को तिलक और कलावा पहनने से रोका जा रहा है। इस मुद्दे को लेकर कार्यकर्ता स्कूल परिसर में घुस गए और नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए। तनाव तब बढ़ा जब उन्होंने स्कूल प्रिंसिपल से मुलाकात की कोशिश की, जिस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच हल्की झड़प भी हुई।

करीब तीन घंटे तक चले प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने हनुमान चालीसा का पाठ किया और स्कूल प्रशासन के खिलाफ आवाज़ उठाई। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। इस बीच एबीवीपी नेता देवेश प्रजापति ने कहा कि वह लंबे समय से इस मुद्दे को उठा रहे हैं लेकिन स्कूल प्रबंधन ध्यान नहीं दे रहा।

अंततः स्कूल की प्राचार्य सामने आईं और स्पष्ट किया कि स्कूल ने कभी भी छात्रों को तिलक या कलावा पहनने से नहीं रोका है और आगे भी ऐसी कोई पाबंदी नहीं होगी। शिक्षा विभाग के जिला समन्वयक सुबोध शर्मा ने भी मामले में हस्तक्षेप करते हुए कहा कि किसी भी छात्र को धार्मिक प्रतीकों के प्रयोग से नहीं रोका गया है।

पुलिस अधिकारी एसडीओपी सुनील लाटा ने बताया कि स्थिति अब शांत है और दोनों पक्षों के बीच बातचीत से मामला सुलझ गया है। फिलहाल हालात सामान्य हैं लेकिन प्रशासन नजर बनाए हुए है।

Next Post

तेज बारिश में स्कूल की दीवार गिरी, अवकाश होने के कारण टला बड़ा हादसा

Thu Jul 31 , 2025
मुरैना। जिले में लगातार हो रही भारी बारिश से हालात बिगड़ रहे हैं। बारिश के कारण सबलगढ़ तहसील के रामपुर कला गांव स्थित शासकीय हाई सेकेंडरी स्कूल की एक दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। गनीमत रही कि हादसे के समय स्कूल बंद था, क्योंकि अधिक बारिश के चलते स्थानीय अवकाश […]

You May Like