
मंडला। निवास थाना क्षेत्र में निवास-मंडला मार्ग पर स्थित पिपरिया ग्राम के घाट में दो बाइकों की आमने-सामने की जोरदार टक्कर में पांच लोग घायल हो गए। घायलों में से एक की हालत गंभीर होने के कारण उसे जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। हादसे की जानकारी निवास पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। निवास पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हादसा तब हुआ जब
जानकारी अनुसार आलोक सोयाम 18 वर्ष पिता स्वर्गीय राजेश निवासी ग्राम गज्जू देवरी, अग्नू 22 वर्ष पिता दशरथ निवासी ग्राम देवगांव और उमेश यादव 21 वर्ष पिता बाबू लाल निवासी ग्राम बाहूर एक बाइक से पिपरिया से निवास की ओर आ रहे थे। वहीं दूसरी ओर ब्रजकिशोर यादव 24 वर्ष पिता जगत यादव निवासी ग्राम पिपरिया और उनके साले अजय यादव 19 वर्ष पिता मंगल यादव निवासी ग्राम महेश पुरी अपनी बाइक से जबलपुर से पिपरिया की ओर जा रहे थे। पिपरिया घाट पर दोनों बाइकों की जोरदार टक्कर हो गई और सभी लोग नीचे गिर गए।
बताया गया कि हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल 108 एम्बुलेंस को घटना की सूचना दी। जानकारी मिलते ही 108 एम्बुलेंस के पायलट अमित दुबे मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को निवास सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। निवास के चिकित्सक डॉ. विजय पेगवार ने ब्रजकिशोर यादव की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें तुरंत जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। अन्य घायलों का इलाज निवास सीएचसी में जारी है। निवास पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
