
सागर। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान 2026 के अंतर्गत नगर पालिका मकरोनिया के बजरिया हाट बाजार में खण्डस्तरीय शिविर का आयोजन किया गया।जन विश्वास शिविर में ग्राम गंभीरिया के परिवारों ने शिकायत की थी कि आवेदन देने के बाद भी उन्हें धारणाधिकार योजना का लाभ नहीं मिला। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल के निर्देश पर जांच की गई। प्रथम दृष्टया लापरवाही पाए जाने पर पटवारी राशिद खान हल्का नंबर 16/76, तहसील सागर नगर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
नरयावली विधायक प्रदीप लारिया ने कहा कि भविष्य की जरूरतों के हिसाब से मकरोनिया नगर पालिका तीव्र गति से विकास कर रहा है। यहां निवेश बढ़ रहा है। जन समस्या न हो और जनसंख्या के दबाव को देखते हुए अधिकारी अतिक्रमण को हटाने की कार्यवाही लगातार करते रहें। उन्होंने कहा कि जहां आवश्यक हो वहां पेयजल की व्यवस्था की जा रही है। एएलपी योजना के अनुसार भूमि के पट्टा संबंधी समस्याओं का निरीक्षण किया जाएगा। मकरोनिया नगर पालिका में 40 करोड़ रूपए की सड़कें स्वीकृत हैं जिनका निर्माण कार्य शीघ्र आरंभ किया जाएगा एवं मकरोनिया-बंडा रोड पर फ्लाई ओवर का निर्माण शीघ्र आरम्भ होगा। मकरोनिया-बंडा रोड पर ट्रैफिक और जाम की स्थिति का समाधान किया जाएगा।कलेक्टर श्रीमती पाल ने कहा कि शिविर में मुख्य रूप से प्रधानमंत्री आवास योजना एवं पट्टा वितरण से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए, जिनके सर्वे उपरांत पात्र हितग्राहियों को लाभ प्रदान किया जाएगा तथा अन्य समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया जा रहा है। इस दौरान मकरोनिया अस्पताल का निरीक्षण भी किया गया, जिसमें निर्माणाधीन कार्यों एवं ऑपरेशन थियेटर को 15 दिवस के भीतर प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए, साथ ही एएनसी विंग में मिली लापरवाही पर स्टाफ नर्स एवं गायनोकोलॉजिस्ट को नोटिस जारी किया गया है।
जिला पंचायत सीईओ जगदीश गोमे ने शिविर में लगाए गए विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। शिविर में मकरोनिया नगर पालिका के अध्यक्ष मिहीलाल अहिरवार, उपाध्यक्ष, पार्षदगण, स्थनीय जनप्रतिनिधि समस्त विभागीय अधिकारी सहित बडी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
