नलखेड़ा:चैत्र नवरात्रि के चलते सिद्धपीठ मां बगलामुखी मंदिर पर रविवार को श्रद्धालुओं की श्रद्धा व आस्था का महासैलाब उमड़ा. रविवार को माता मंदिर पर 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज की. इस दौरान भक्तों ने माता के स्वर्ण श्रृंगार के दर्शन किए.श्रद्धालु मंदिर परिसर के अंदर और बाहर लंबी कतारों में आधे घंटे तक खड़े रहे. मन मे श्रद्धा लिए भक्त माता के जयकारों के साथ धीरे-धीरे आगे बढ़ते रहे.
भक्तों के महासैलाब को देख प्रशासन अधिकारियों ने भी माता मंदिर की व्यवस्था संभाली व माता मंदिर में प्रथम दिन से ही गर्भगृह में प्रवेश बंद कर रखा. गर्भगृह के बाहर से ही मां के दर्शन करना प्रात: कालीन आरती के बाद से ही कतार माता मंदिर पर लगना शुरू हो गई थी, जो देर शाम तक लगती रही. भक्तों द्वारा माता रानी के आलौकिक दर्शनों का लाभ प्राप्त किया गया. वहीं यज्ञशाला में बड़ी संख्या में हवन अनुष्ठान भी सम्पन्न हुए.रविवार को मंदिर पर उमड़ी भीड़ को देख कर कई श्रद्धालु मंदिर के बाहर से भी शीश नमा कर चले गए. वहीं मां बगलामुखी के समीप बनाए गए वाहन पार्किंग पर भी चार पहिया व दो पहिया वाहन खचाखच भरे रहे.
मंदिर में हवन अनुष्ठान
मां बगलामुखी के दरबार में श्रद्धालु के द्वारा मंदिर पर हवन अनुष्ठान भी किया जा रहे हैं. मां पीतांबरा के दर्शन, पूजन को भक्तों की आस्था का मेला लग रहा. मंदिर क्षेत्र में मंत्रोच्चार, जाप, तप, हवन अनुष्ठान का सिलसिला चल रहा है. मंदिर प्रांगण में रविवार को लगभग 900 से अधिक हवन हुए. यह स्थल तंत्र की क्रियाओं से जाना जाता है.जिसमें आम भक्त और वीवी आईपी भक्त भी अपनी हवन कुंड में आहुति देते हैं.रविवार को माता मंदिर पर कई वीआईपी लोगों का आना जाना लगा रहा. जहा न्यायाधीश, प्रशासनिक अधिकारी, कई राजनेता विश्व प्रसिद्ध मां बगलामुखी मंदिर पहुंचे जहां पर उनके द्वारा दर्शन पूजन किया गया. वहीं पीताम्बरा सेवा समिति द्वारा चलाए जा रहे नौ दिवसीय निशुल्क भंडारे में बड़ी संख्या में बाहर से आए भक्तों के द्वारा प्रसादी लाभ लिया.वहीं समिति के सदस्य व जनप्रतिनिधि द्वारा नवरात्रि में भंडारे के लाभार्थी के साथ अन्य दानदाताओं का स्वागत कर सम्मान किया जा रहा.
मंदिर पर वीआईपी ने तोड़ी व्यवस्था
विश्व प्रसिद्ध पीतांबरा मां बगलामुखी मंदिर में वीआईपी व्यवस्था को लेकर कई बार अव्यवस्थाएं सामने आई है. इस व्यवस्था को वीआईपी कल्चर व उनके रिश्तेदार बताकर दर्शन करते हैं. हाल ये है आम भक्तजन माता की एक झलक पाने के लिए बाहर लाइनों में एक घंटे तक खड़े रहे पर वहीं वीआईपी व उनके रिश्तेदार महज पांच से दस मिनट में दर्शन कर लौट रहे थे. परेशानी यह है कि आम भक्त घंटो तक लाइन में खड़ा रहता है और वीआईपी पांच से दस मिनट में दर्शन कर कर चले जाते हैं. इस व्यवस्था से आम भक्त नाराज थे.जब कोई नियम तोडऩे वालों को पुलिस और प्रशासन रोकना भी चाहे तो मजबूरीवश रोक नहीं पाते है.
प्रशासनिक अधिकारियों ने संभाली व्यवस्था
रविवार को मां बगलामुखी मंदिर में भक्तों की भीड़ को देखते हुए संयुक्त कलेक्टर व बगलामुखी प्रबंधन समिति अध्यक्ष कमल मंडलोई, एसडीएम किरण बरबड़े, एसडीओपी देवनारायण यादव, तहसीलदार प्रियंक श्रीवास्तव व नायब तहसीलदार अरुण चंद्रवंशी, थाना प्रभारी नागेश यादव. पटवारी रामपाल तोमर, पटवारी मुकेश चौहान के द्वारा व राजस्व विभाग के द्वारा व्यवस्था संभाली गई व सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से भी सुरक्षा की दृष्टी से निगरानी की जा रही थी.
