इंदौर:नंदलाई घाटी में हुई लूट की वारदात का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है. फरियादी का ही साथी लूट की साजिश का मास्टरमाइंड निकला, जिसने अपने तीन साथियों से नकदी, बैग, मोबाइल और टेबलेट लुटवाए थे. मानपुर पुलिस ने तीन आरोपियों के साथ एक नाबालिग को भी गिरफ्तार किया है.घटना 11 जुलाई को सामने आई थी जब अजय पांचाल निवासी गुर्जरखेड़ा ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि तीन बाइक सवार बदमाशों ने चलती बाइक से उसके बैग में रखे 83,000 नगद, मोबाइल व टेबलेट लूट लिए.
मामले में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जैसे ही जांच शुरू की, पुलिस को शुरु से ही घटनाक्रम संदिग्ध लग रहा था. मामले में थाना प्रभारी लोकेन्द्र सिंह हिहोर ने बताया कि तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ में पता चला कि अजय का साथी राजेश कतिजा ही इस लूट का सूत्रधार था. उसने अपने तीन दोस्तों रितेश चमरा, विवेक कोहली और एक अपचारी बालक के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया.
पुलिस ने चारों को गिरफ्तार कर उनसे तीन मोबाइल हेडसेट व फरियादी का एक मोबाइल बरामद कर लिया है. बाकी सामान और घटना में उपयुक्त अपाचे बाइक जब्त कर आरोपियों पटाड़ापुरा नालछा में रहने वाला 20 वर्षीय राजेश पिता लक्ष्मण कतिजा, मानपुर की नाहरखेड़ी में रहने वाला 18 वर्षीय रितेश पिता चंदन चमार, मानपुर के ही कुवाली में रहने वाला 22 वर्षीय विवेक पिता महेश कोहली के साथ एक 17 वर्षीय नाबालिग को गिरफ्तार कर रिमांड लिया है.
