जम्मू, 10 जुलाई (वार्ता) जम्मू-कश्मीर में श्री अमरनाथ यात्रा के लिए शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा के बीच 8,796 तीर्थयात्रियों का नौवां जत्था जम्मू के भगवती नगर यात्री निवास आधार शिविर से दक्षिण कश्मीर हिमालय में स्थित पवित्र गुफा मंदिर के लिए रवाना हुआ।
अधिकारियों ने बताया कि आज सुबह 8,796 तीर्थयात्री 354 हल्के और भारी वाहनों के काफिले में जम्मू आधार शिविर से रवाना हुए। इस जत्थे में बालटाल के लिए 3,450 और पहलगाम के लिए 5,346 तीर्थयात्री शामिल थे।
सुरक्षित और सुचारू यात्रा के लिए नागरिक प्रशासन, पुलिस, सुरक्षा बलों और श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड ने मिलकर बहु-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की है।
गौरतलब है कि यात्रा शुरू होने के बाद से पिछले सात दिनों में देश के विभिन्न हिस्सों से कुल 1,71,501 तीर्थयात्रियों ने पवित्र गुफा मंदिर के दर्शन किए हैं।
जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने तीर्थयात्रियों से अपील की है कि वे पक्का रजिस्ट्रेशन और तय तारीख पर ही यात्रा करें, क्योंकि बिना रजिस्ट्रेशन वाले किसी भी तीर्थयात्री को आधार शिविर तक जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
उल्लेखनीय है कि जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने गत दो जुलाई को जम्मू से यात्रा के पहले जत्थे को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था।
