जबलपुर: गोसलपुर में लाइन में फाल्ट सुधारते समय एक आउटसोर्स कर्मी करंट की चपेट आ गया और 15 फीट की ऊंचाई से जमीन पर आ गिरा। जिसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।जानकारी के अनुसार मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के जबलपुर ग्रामीण वृत्त के सिहोरा संभाग के अंतर्गत गोसलपुर डीसी में कार्यरत आउटसोर्स कर्मी सोहन दहिया 32 वर्ष को सिमरिया गांव में लाइन फाल्ट होने पर जूनियर इंजीनियर के द्वारा सुधार कार्य के लिए आदेश देकर भेजा था।
आउटसोर्स कर्मी सोहन दहिया जब लाइन में फाल्ट सुधार रहा था, तभी अचानक करंट की चपेट में आने से 15 फीट की ऊंचाई से जमीन पर आ गिरा। हादसे के समय मौके पर मौजूद सहयोगियों ने उसे तत्काल सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन लाइन कर्मी की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सक ने जबलपुर रेफर कर दिया, जिसके बाद उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
रात को 2 बजे आउटसोर्स कर्मी सोहन दहिया की मौत हो गई। मध्य प्रदेश विद्युत मंडल तकनीकी कर्मचारी संघ के प्रांतीय महासचिव हरेंद्र श्रीवास्तव, मोहन दुबे, राजकुमार सैनी, अजय कश्यप, विनोद दास, लखन सिंह राजपूत, दशरथ शर्मा, शशि उपाध्याय, संदीप दीपांकर, आजाद सकवार, जगदीश मेहरा, मुकेश पटेल, राजेश शरण आदि ने पूर्व क्षेत्र कंपनी प्रबंधन से आउटसोर्स कर्मी के आश्रित को 20 लाख रुपये सहायता राशि देने की मांग की है।
