देश में पहली मोबाइल कॉल के 30 साल पूरे होने पर सिंधिया करेंगे प्रदर्शनी का उद्घाटन

नयी दिल्ली, 30 जुलाई (वार्ता) देश में मोबाइल टेलीफोनी के 30 साल पूरे होने के मौके पर गुरुवार को केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया यहाँ एक अनूठी प्रदर्शनी उद्घाटन करेंगे।

इस प्रदर्शनी का आयोजन अखिल भारतीय व्यापारी परिसंघ (कैट), अखिल भारतीय मोबाइल रिटेलर्स संघ और संगठित रिटेलर्स संघ के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।

दिल्ली की चाँदनी चौक सीट से सांसद तथा कैट के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीन खंडेलवाल ने बुधवार को बताया कि प्रदर्शनी में 1995 से 2025 तक के सभी प्रमुख मोबाइल हैंडसेट्स – कीपैड, स्लाइडर, टचस्क्रीन, स्मार्टफोन और 5जी फोन – रखे जायेंगे। इसमें केवल “वॉयस कॉल” से “डिजिटल वैल्यू” तक की परिवर्तन यात्रा को भी दिखाया जायेगा।

देश में पहली मोबाइल कॉल 31 जुलाई 1995 को दिल्ली और कोलकाता के बीच की गयी थी जब पश्चिम बंगाल के तत्कालीन मुख्यमंत्री ज्योति बसु ने तत्कालीन केंद्रीय दूरसंचार मंत्री सुखराम को फोन किया था।

कार्यक्रम में दुर्लभ और ऐतिहासिक मोबाइल फोनों की जीवंत प्रदर्शनी, मोबाइल उद्योग के दिग्गजों और नीति निर्माताओं की उपस्थिति तथा 5जी, आईओटी और भविष्य की तकनीकों की झलक पर विशेष फोकस होगा।

कार्यक्रम में देशभर से मोबाइल उद्योग से जुड़े सभी प्रमुख हितधारक, निर्माता, वितरक, खुदरा व्यापारी, तकनीकी विशेषज्ञ और नीति निर्माता उपस्थित रहेंगे।

 

Next Post

अवैध रूप से वनोपज की कटाई और परिवहन करने वाले आरोपियों पर FIR दर्ज

Wed Jul 30 , 2025
रायसेन। वनोपज की अवैध कटाई और परिवहन करने वालों के विरूद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में उप वनमण्डलाधिकारी सामान्य सिलवानी इन्दर सिंह बारे के निर्देशन में वनपरिक्षेत्र सिलवानी पूर्व अंतर्गत मुखबिर की सूचना पर सुबह 4 बजे लाल घाटी से पढ़ान रोड (कच्चा रास्ता) सिलवानी में […]

You May Like