![]()
रीवा।जिले के सेमरिया थाना क्षेत्र के गोदहा पहाड़ में मंगलवार देर रात एक युवक पर जानलेवा हमला हुआ. साले ने अपने जीजा समीम खान 36 को गोली मार दी. गनीमत रही कि गोली छाती की जगह पैर में लगी, जिससे युवक की जान बच गई. वारदात के बाद हमलावरों ने सबूत मिटाने के लिए कार में आग भी लगा दी.
पीडि़त समीम खान ने बताया कि उसकी शादी थाना राजपुर, जिला चित्रकूट में हुई थी. ससुराल पक्ष लगातार उस पर घर जमाई बनने का दबाव बना रहा था. वह करीब 7 महीने तक ससुराल में रह चुका था, लेकिन वापस अपने गांव लौट आया. इसी बात को लेकर विवाद बढ़ता गया. मंगलवार को उसका साला और करीब दर्जनभर लोग उसे पार्टी के बहाने गोदहा पहाड़ ले गए, शराब पिलाई और सुनियोजित तरीके से गोली मार दी. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. एसडीओपी उमेश प्रजापति ने बताया कि आरोपी युवक को हिरासत में लिया गया है और हत्या के प्रयास की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. हमले की अन्य वजहों की भी जांच की जा रही है. पीडि़त समीम के परिवार वालों ने साले पर सख्त कार्रवाई की मांग की है. उनका कहना है कि उन्होंने कभी बहू को मायके जाने से नहीं रोका, फिर भी ससुराल पक्ष लगातार बेटे को घर जमाई बनाने का दबाव डाल रहा था. पीडि़त के मुताबिक, उसकी पत्नी भी उसे तिरस्कार करती थी और ससुराल वालों की हर बात मानती थी. पुलिस पूरे मामले की तह तक जाने का प्रयास कर रही है. पुलिस का कहना है कि अन्य संलिप्त आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी.