ग्वालियर: साले के फलदान समारोह में शामिल होने पहुंचे जीजा को समारोह में देसी कट्टे से हर्ष फायरिंग कर रहे एक युवक को रोकना महंगा पड़ गया। युवक को इस तरह की रोकटोक इतनी नागवार गुजरी कि आरोपी युवक ने जीजा पर ही गोली चला दी। गोली सीधे जीजा के सीने में लगी, हालांकि तुरंत उपचार के लिए जीजा को अस्पताल ले जाया गया और अभी उनकी हालत खतरे से बाहर है।
मामला ग्वालियर में भगवती कालोनी मुरार के रहने वाले फरियादी धीरेंद्र सिंह राणा से जुड़ा है। वे अपनी पत्नी बच्चों के साथ अपने रिश्ते के साले आशू राणा के लगन- फलदान कार्यक्रम में शामिल होने बिजौली थाना क्षेत्र के ग्राम दुहिया में गए थे। रात करीब 11:30 बजे के आसपास दुहिया गांव का ही युवक अजीत राणा भी कार्यक्रम में शामिल होने आया और आते ही अपनी कमर से देसी कट्टा निकालकर हवाई फायरिंग करने लगा तो धीरेंद्र ने अजित को हवाई फायर करने के लिए मना किया और समझाया भी की कार्यक्रम में काफी मेहमान है किसी को गोली लग सकती है।
लेकिन अजित ने उल्टा धीरेंद्र को ही धमकाते हुए कहा कि तेरी हिम्मत कैसे हुई मुझे रोकने की और अजीत ने जान से मारने की नीयत से देसी कट्टे से धीरेंद्र पर फायर कर दिया जिसमें गोली धीरेंद्र सीने में दाहिनी तरफ जा लगी। घटना की सूचना मिलते ही थाना बिजौली पुलिस भी मौके पर पहुंची, वहीं धीरेंद्र को निजी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।
