पूर्व विधायक नीलांशु के घर पर काम करने वाली युवती का बाथरूम से मिला लहूलुहान शव

सतना : जिले के चित्रकूट थाना क्षेत्र अंतर्गत चौबेपुर में पूर्व विधायक व कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव नीलांशु चतुर्वेदी के घर में काम करने वाली युवती की मौत की घटना सामने आते ही हडक़ंप मच गया. युवती का रक्त रंजित शव घर के बाथरुम में पाया गया, उसकी दायीं कनपटी पर गोली लगी थी. घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और फोरेंसिक टीम द्वारा बारीकी से हर पहलू की जांच शुरु कर दी गई है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार चित्रकूट के पूर्व विधायक और कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव नीलांशु चतुर्वेदी के चौबेपुर स्थित आवास में मंगलवार की शाम लगभग 4 बजे गोली चलने की आवाज से हडक़ंप मच गया. जब लोग भागते हुए घर की तीसरी मंजिल पर स्थित बाथरुम में पहुंचे तो वहां पर युवती का रक्त रंजित शव पड़ा नजर आया. यह देखते ही घर में मौजूद लोगों के होश उड़ गए. आनन-फानन युवती को उपचार के लिए जानकीकुण्ड अस्पताल ले जाया गया.

जहां पर जांच करने पर चिकित्सक द्वारा युवती को मृत घोषित कर दिया गया. मृत युवती की पहचान सुमन निषाद पिता स्व. अर्जुन निषाद उम्र 19 वर्ष निवासी कटरा गुदर थाना कोतवाली कर्बी जिला चित्रकूट के तौर पर हुई. बताया गया कि मृतक युवती के पिता की करेंट लगने से पूर्व में ही मौत हो चुकी है. जिसके चलते युवती सुमन और उसकी मां सुभिया, पूर्व विधायक के घर में भोजन बनाने, कपड़ा धोने और साफ-सफाई जैसा घरेलू कार्य किया जाता था.

वहीं घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस द्वारा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. वहीं पुलिस टीम ने घटना स्थल पर पहुंचकर उस बाथरुम को सील कर दिया जहां युवती का शव मिला था. घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई. पुलिस और फोरेंसिक टीम द्वारा वह पिस्टल भी बरामद कर ली गई. पिस्टल पूर्व विधायक की लाइसेंसी निकली.

बताया गया कि गोली उसी लाइसेंसी पिस्टल से चली थी जिसने युवती की दाहिनी कनपटी को भेद दिया था.  जिसे देखते हुए फोरेंसिक टीम द्वारा मृत युवती के दोनों हाथों के फिंगर प्रिंट को सुरक्षित करने का प्रयास किया गया. पुलिस द्वारा पूर्व विधायक और घर में मौजूद अन्य लोगों सहित मृत युवती की मां से पूछताछ करते हुए घटना के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है. कुछ लोगों द्वारा यह भी बताया गया कि सुमन पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में थी.
मां ने बताया आत्महत्या
मृत युवती सुमन की मां सुभिया ने बताया कि दोपहर में काम समाप्त कर भोजन करने के बाद सभी लोग घर में बैठे हुए थे. इसी दौरान सुमन वहां से उठी और बाथरुम की ओर चली गई. जहां पर उसने असलहे से स्वयं को गोली मार ली. मां के अनुसार असलहा बाथरुम में रखा हुआ था. सुमन ने अपने मन से अपनी जान दे दी. इसी कड़ी में मां सुभिया ने आगे बताया कि नीलांशु भइया के घर में लडक़ी नहीं है.

तो उन्होंने कहा कि अपनी लडक़ी उन्हें दे दीजिए. वे उसे अपनी लडक़ी की तरह मानेंगे. जिसके चलते वे लोग सुमन को खिलाते-पिलाते रहे, तिलक भी करवाया और 2 महीने बाद उसकी शादी कराने वाले थे. जिसके चलते कपड़ा-गहने सहित अन्य सामान को भी बनवा कर रख लिया गया था. लेकिन मंगलवार को अचानक यह घटना सामने आ गई.
इनका कहना है
मृतका हमारे यहां वर्षों से काम कर रही थी. उसे पता था कि कौन सा सामान कहां रहता है. यह बात सही है कि जिस पिस्टल से उसकी मौत हुई वह लाइसेंसी है. चूंकि पुलिस द्वारा घटना की जांच की जा रही है इसलिए इस संबंध में अधिक जानकारी साझा करना उचित नहीं होगा.
नीलांशु चतुर्वेदी पूर्व विधायक चित्रकूट व राष्ट्रीय सचिव कांग्रेस

Next Post

मालवीय को जयपुर में रजक रत्न अवार्ड से नवाजा गया

Wed Jul 30 , 2025
इटारसी। अखिल भारतीय रजक महासंघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं समाजसेवी राजकुमार मालवीय को उनकी सामाजिक सक्रियता और योगदान के लिए “रजक रत्न अवार्ड” एवं सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें जयपुर में आयोजित विश्व रजक महासंघ एवं नेशनल रजक महासंघ के संयुक्त तत्वावधान में हुए राष्ट्रीय […]

You May Like