
ब्यावरा। अनवरत् हो रही तेज बारिश के चलते मंगलवार को ब्यावरा सहित जिले के अन्य कई जगहों पर बाढ़ जैसे हालात निर्मित हो गये. नदी, नाले उफान पर आ गये. नगर में इंदौर नाका का पुराना पुल डूब गया. निचली जगहों में कई फीट तक पानी भर गया. नगर के मुख्य मार्गो के पुल, पुलियाओं के जलमग्न होने से आवागमन ठप्प हो गया जिसके कारण नागरिकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा.
सुबह से दोपहर तक हुई तेज बारिश के चलते नगर की अजनार नदी पूरे वेग के साथ उफान पर आ गई. देखते ही देखते सिविल अस्पताल रोड पुल, राजगढ़ रोड पुल डूब गये इसके बाद दोपहर बाद इंदौर नाका का पुराना पुल भी डूब गया. इस बारिश में इदौर नाका पुल पर पहली बार पानी आया है.
अहिंसा द्वार के यहां भरा पानी
अहिंसा द्वार के यहां से लेकर जगात चौक तक पानी भर गया. यहां घुटने-घुटने तक पानी भर गया. कई दुकाने, घरो में पानी भर जाने से नुकसान पहुंचा है. इसी प्रकार वार्को सिटी, पंचमुखी हनुमान मंदिर क्षेत्र, रामलला मार्ग स्थित नदी किनारे रहवासी क्षेत्र सहित कई जगहों पर पानी भर जाने से दिक्कतों का सामना करना पड़ा.
नपा प्रशासन ने की व्यवस्था
नगर पालिका प्रशासन द्वारा जल भराव क्षेत्रों में निवासरत् रहवासियों से सुरक्षित चिन्हित स्थानों पर पहुंचने को कहा गया है. इस आशय का एनाउंस भी कराया गया. नपा द्वारा स्थानीय अग्रवाल धर्मशाला आदि जगहों पर भोजन, ठहरने की व्यवस्था की गई है. नपा, पुलिस प्रशासन के अधिकारी, कर्मचारी बराबर स्थिति पर निगाह रखे हुए है तथा भ्रमण कर जायजा लिया जा रहा है.
बारिश के कारण कई रास्ते हुए बंद
मंगलवार का जिले भर में बारिश का दौर चलता रहा. जिससे आसपास क्षेत्र में कई नदी, नाले उफान पर आ गये. रपटे, पुलियाओं पर से पानी निकलने पर आवागमन बंद हो गया. घंटो तक आवाजाही बंद रही. कुरावर के समीप झाडला कोटरी कला मार्ग पुलिया पर पानी नदी का पानी आने के बाद सुबह से ही सुरक्षा की दृष्टि से आवागमन बंद कर दिया गया. घुरेल के सामने स्थित घोड़ापछाड़ नदी के भी उफान पर आकर पुलिया पर पानी आने के बाद आवागमन बंद हो गया.
ब्यावरा में सर्वाधिक बारिश
जिले में सर्वाधिक बारिश ब्यावरा में हुई है. 29 जुलाई की सुबह 8 बजे तक जिले मेें तहसीलवार बारिश की स्थिति इस प्रकार है. जीरापुर में 818 एमएम, खिलचीपुर 866.4, राजगढ़ 768.9, ब्यावरा में 1546 एमएम, नरसिंहगढ़ 973.6, सारंगपुर 344.6 तथा पचोर में 656.6 एमएम बारिश हुई है. जिले की औसत वर्षा आज दिनांक तक 862.2 एमएम हो गई है. जबकि गत वर्ष आज दिनांक तक जिले की औसत बारिश 602 एमएम ही थी.
