नयी दिल्ली, 29 जुलाई (वार्ता) दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने मंगलवार को कहा कि राजधानी में दो घंटे की बारिश ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के विकसित दिल्ली के दावे की पोल खोल कर रख दी।
श्री यादव ने यहां संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि महज दो घंटे की बारिश में में राजधानी का दिल कनॉट प्लेस जलमग्न हो गया और बाढ़ जैसे हालात बन गये। इस बारिश ने रेखा गुप्ता सरकार की लोगों को जलभराव से निजात दिलाने और नालियों से गाद निकालने के काम की पोल खोल कर रख दी। आज की बारिश से कनॉट प्लेस, आईटीओ, धौला कुंआ, नारायणा, पटेल नगर, जखिरा अंडरपास, आजाद मार्केट अंडर पास, जवाहरलाल नेहरु स्टेडियम गोल चक्कर, भीष्म पितामाह मार्ग, बारापुला सेवा नगर डिपो, कमला नगर मार्केट, अम्बेडकर स्टेडियम, प्रगति मैदान, जीटीके बस डिपो, मॉडल टाउन और किंग्सवे कैम्प में भारी जल भराव होने कारण घंटों यातायात जाम रहा जिसने भाजपा के विकसित दिल्ली के दावे और सपने की पोल खोल दी।
कांग्रेस नेता ने कहा कि दिल्ली कांग्रेस मानसून की शुरुआत से पहले ही रेखा गुप्ता सरकार को चेतावनी देती रही है कि बारिश के पानी की नालियों और सीवरों की गाद निकालने का काम मानसून से पहले पूरा किया जाना चाहिए और गाद को जल्द से जल्द हटाने काम भी होना चाहिए लेकिन भाजपा सरकार यह काम पूरा करने में पूरी तरह से विफल रही और आज की बारिश के दौरान एक बार फिर दिल्ली की जनता को उसके झूठे दावों को हर्जाना भुगत पड़ा।
उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार के मंत्री और स्वयं मुख्यमंत्री खामियों के लिए अधिकारियों को दोषी ठहरा रही है, लेकिन वास्तविकता यह है कि सरकार ने जमीनी स्तर पर समय रहते काम नहीं किये हैं।
