न्यूयॉर्क, 29 जुलाई (वार्ता) अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) ने चालू वित्त वर्ष के लिए भारत का विकास अनुमान बढ़ाकर 6.4 प्रतिशत कर दिया है।
आईएमएफ ने मंगलवार को जारी विश्व आर्थिक परिदृश्य (डब्ल्यूईओ) अपडेट में कहा है कि वित्त वर्ष 2025-26 में भारत की विकास दर 6.4 प्रतिशत रहेगी। पहले उसने अप्रैल में जारी डब्ल्यूईओ में चालू वित्त वर्ष में विकास दर 6.2 प्रतिशत रहने का अनुमान व्यक्त किया था।
आईएमएफ ने कहा है कि उसने वैश्विक कारकों में सुधार के कारण भारत का विकास अनुमान बढ़ाया है। अगले वित्त वर्ष 2026-27 के लिए भी विकास अनुमान 6.3 प्रतिशत से बढ़ाकर 6.4 प्रतिशत कर दिया गया है।
आईएमएफ ने अपडेट रिपोर्ट में कहा, “भारत में 2025 और 2026 में विकास दर 6.4 प्रतिशत पर रहने का अनुमान है। अप्रैल के अनुमान के समय जैसा सोचा गया था उससे कहीं सहज बाह्य कारकों के कारण दोनों आँकड़ों में थोड़ी बढ़ोतरी की गयी है।”
उल्लेखनीय है कि एशियाई विकास बैंक ने पिछले सप्ताह जारी रिपोर्ट में भारत की विकास दर चालू वित्त वर्ष में 6.5 प्रतिशत रहने का अनुमान जारी किया था। रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने भी गत जून की अपनी मौद्रिक नीति समीक्षा में वित्त वर्ष 2025-26 में देश की विकास दर 6.5 प्रतिशत रहने की बात कही थी।
डब्ल्यूईओ अपडेट में वैश्विक विकास अनुमान भी बढ़ाये गये हैं। इस साल के लिए वैश्विक विकास अनुमान 0.2 फीसदी बढ़ाकर तीन प्रतिशत और अगले साल के लिए 0.1 प्रतिशत बढ़ाकर 3.1 फीसदी किया गया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि अमेरिका द्वारा अप्रैल में जिस प्रकार आयात शुल्क की धमकी दी गयी थी, वास्तव में उससे कम आयात शुल्क लगाये जाने से विकास अनुमान में सुधार किया गया है।
