लापरवाही और असमंजस के कारण 25 साल से नहीं पाई सडक़

इंदौर: लगातार 8 बार से देश का सबसे स्वच्छ शहर बने इंदौर में विकास कार्यों के साथ-साथ निगम प्रशासन की लापरवाही और असमंजस के कारण जन सुविधाओं के काम अटके पड़े हैं, जिससे नागरिकों को असुविधा हो रही है.खजराना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले वार्ड 41 एवं 39 के बीच एक मार्ग ऐसा भी है, जिस पर कई वर्षों से पक् की सडक़ नहीं बन पाई है. यह सडक़ है वार्ड 39 की हिना कॉलोनी और वार्ड 41 के सम्राट नगर की.

मात्र कुछ ही मीटर की यह सडक़ जर्जर हालातों में पहुंच गई है. इसे कौन बनाएगा, कैसे होगा और तो और यह मार्ग किस वार्ड में आता है, इसी असमंजस में 25 वर्ष से ज़्यादा बीत गए, लेकिन इस सडक़ का उद्धार नहीं हो पाया है. इस मार्ग से जुड़े क्षेत्रवासी इस समस्या का सामना करते आ रहे हैं. लाख कोशिशों के बाद कुछ माह पूर्व इस सडक़ के दिन फिरने ही वाले थे, बताया जाता है कि सडक़ निर्माण के लिए वार्ड 41 के पार्षद द्वारा नगर निगम में फाईल लगाई गई, लेकिन अधिकारियों ने ही अपरिहार्य कारणों के चलते फाईल अटका दी. इसके बाद एक बार फिर लोगों को उम्मीद टूट गई. अब नगर निगम अधिकारियों का कब मूड होता है, यह तो समय बताएगा. फिलहाल तो लोगों की परेशानियां खत्म होने का नाम नहीं ले रही है.

यह बोले रहवासी…

इस मार्ग पर यातायात का दबाव अधिक होने से हर कभी जाम लगता रहता है. बरसात में तो सडक़ पर बने बड़े-बड़े गड्ढों में पानी भरा रहता है. पैदल भी चलना मुश्किल होता है. बरसात में तो पानी घरों में तक घुस जाता है.
– अब्दुल सत्तार खान

मुझे यहां रहते 30 वर्ष हो चुके हैं, तभी से सडक़ ऐसी ही है. इतने गड्ढे हैं कि आए दिन वाहन चालक गिरते रहते हैं, कई को तो गंभीर चोटें भी आई हैं.
– रियाजउद्दीन

दिन भर घूल उड़ती है, कई समस्याएं होती हैं. दमा की शिकायत वाले मरीजों को भारी परेशानी होती है. जर्जर सडक़ से गंदगी भी बनी रहती है. सडक़ बन जाए तो सभी चीजें व्यवस्थित हो जाएं. क्षेत्र में सफाई भी होने लगे.
– सिराज मंसूरी
सडक़ का यह हिस्सा मेरे वार्ड में नहीं आता
टेक्निकली तो नहीं पता, लेकिन सडक़ का यह हिस्सा मेरे वार्ड में नहीं आता, पार्षद प्रणव भैया से इस विषय में बात हुई थी, उन्होंने कहा भी है कि वे इस सडक़ का निर्माण करवाने वाले हंै.
– रूबिना खान, पार्षद, वार्ड 39

जल्द ही दोबारा फाइल लगाऊंगा
प्रयास पूरे हैं कि कार्य हो जाए, जब फाईल लगाई थी तो सिंगल टेंडर आया था, जो निगम कमिश्नर द्वारा उसे केंसल कर दिया गया है, जल्द ही दोबारा फाईल लगाऊंगा.
– प्रणव मण्डल, पार्षद, वार्ड 41

Next Post

महापौर बोले, इन अफसरों के साथ काम नहीं कर सकता...!

Fri Jan 2 , 2026
इंदौर: शहर में दूषित पानी से हुई मौतों को लेकर भाजपा में सन्नाटा छा गया है। सारे सवाल और समस्या का  दोषी सत्ताधारी दल को माना जा रहा है। जनता में चर्चा है कि अधिकारी नेताओं की नहीं सुन रहे हैं। इस बात की पुष्टि स्वयं महापौर ने कर दी […]

You May Like