एएफसी महिला एशियाई कप ऑस्ट्रेलिया 2026 का अंतिम ड्रॉ सिडनी में निकाला जायेगा

नयी दिल्ली, (वार्ता) एएफसी महिला एशियाई कप ऑस्ट्रेलिया 2026 का ड्रॉ सिडनी टाउन हॉल में निकाला जाएगा।

भारतीय समयानुसार अपराह्न डेढ़ बजे होने वाले ड्रा समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व कोच क्रिस्पिन छेत्री और मिडफील्डर संगीता बासफोर करेंगी। संगीता ने अंतिम क्वालीफायर में थाईलैंड के खिलाफ शानदार दो गोल किए थे। उन्हें ऑस्ट्रेलिया की तामेका यालोप और कोरिया गणराज्य की जियोन यू-ग्योंग के साथ तीन ड्रॉ सहायकों में से एक होने का गौरव प्राप्त हुआ हैं।

एशिया के सबसे बड़े महिला राष्ट्रीय टीम आयोजन के 21वें संस्करण के लिए 12 टीमों को चार-चार के तीन समूहों में विभाजित किया जाएगा। भारत उन आठ टीमों में से एक है जिसने क्वालीफायर के जरिए टूर्नामेंट में अपनी जगह पक्की की है। वह मेजबान ऑस्ट्रेलिया और एएफसी महिला एशियाई कप भारत 2022 की शीर्ष तीन टीमों चीन, दक्षिण कोरिया और जापान के साथ शामिल है।

अगले वर्ष एक से 21 मार्च तक आयोजित होने वाला एएफसी महिला एशियाई कप ऑस्ट्रेलिया 2026 के सभी मुकाबले सिडनी, पर्थ और गोल्ड कोस्ट में आयोजित किये जायेंगे।

बारह जून तक जारी की गई ताजा फीफा महिला विश्व रैंकिंग के अनुसार फाइनल ड्रॉ के लिए पॉट आवंटन के लिए 70वें स्थान पर काबिज भारत को पॉट 4 में रखा गया है और उसका सामना पॉट 1 से ऑस्ट्रेलिया, जापान या डीपीआर कोरिया, पॉट 2 से चीन, कोरिया गणराज्य या वियतनाम, और पॉट 3 से फिलीपींस, चीनी ताइपे या उज़्बेकिस्तान से होगा।

प्रत्येक ग्रुप की शीर्ष दो टीमें, साथ ही तीसरे स्थान पर रहने वाली दो सर्वश्रेष्ठ टीमें, क्वार्टर फाइनल में पहुँचेंगी। क्वार्टर फाइनल की चार विजेता टीमें 2027 में ब्राजील में होने वाले फीफा महिला विश्व कप के लिए क्वालीफाई करेंगी। हारने वाली क्वार्टर फाइनलिस्ट टीमें विश्व कप के लिए एएफसी को आवंटित दो शेष सीधे स्थानों के लिए प्ले-ऑफ में खेलेंगी। प्ले-ऑफ़ में हारने वाली दो टीमों के पास अंतर-संघ प्ले-ऑफ के जरिए ब्राजील के लिए क्वालीफाई करने का एक और मौका होगा।

मेजबान होने के नाते, ऑस्ट्रेलिया को शीर्ष वरीयता दी जाएगी और वह ए वन स्थान पर रहेगा।

 

Next Post

लक्ष्य, सात्विकसाईराज-चिराग मकाऊ ओपन में करेंगे भारतीय टीम की अगुवाई

Tue Jul 29 , 2025
नयी दिल्ली (वार्ता) भारत के स्टार लक्ष्य सेन और शीर्ष युगल जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी-चिराग शेट्टी मंगलवार से शुरू हो रहे मकाऊ ओपन 2025 बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारत की टीम की अगुवाई करेंगे। लक्ष्य सेन इस साल अपनी फॉर्म से जूझ रहे हैं। वह बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर सीजन को पीछे छोड़ […]

You May Like