नयी दिल्ली, 24 फरवरी (वार्ता) दिल्ली नगर निगम ने फैसला किया है कि जो लोग तय समय सीमा के अंदर वित्त वर्ष 2024-25 का पूरा हाउस टैक्स जमा कर देंगे, उनका पिछला बकाया सारा हाउस टैक्स माफ कर दिया जाएगा।
आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं सांसद संजय सिंह, नेता दुर्गेश पाठक, मेयर महेश खींची और नेता सदन मुकेश गोयल सोमवार को संयुक्त संवाददाता सम्मेलन कर इस फैसले की जानकारी दी। श्री संजय सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने हमेशा से आम लोगों के फायदे और उनकी जिंदगी में सहूलियत देने के लिए काम किया है। इसी दिशा में निगम एक बहुत बड़ा कदम उठा रही है। इसके तहत जो लोग 2024-25 के हाउस टैक्स का भुगतान कर देंगे, उनका पिछला सारा बकाया हाउस टैक्स माफ कर दिया जाएगा।
श्री सिंह ने बताया कि समय से हाउस टैक्स का भुगतान करने पर अगले वित्त वर्ष में 100 गज से 500 गज तक के भवन का हाउस टैक्स आधा किया जाएगा। वहीं, 100 गज से कम बने भवनों का हाउस टैक्स पूरी तरह से माफ कर दिया जाएगा। रिहायशी मकानों में जिनमें दुकानें चल रही हैं और उनके व्यावसायिक हाउस हैं, उनका हाउस टैक्स माफ किया जाएगा। दिल्ली के अंदर 1300 से ज्यादा हाउसिंग अपार्टमेंट ऐसे हैं, जिनको हाउस टैक्स का फायदा नहीं मिलता है। उन्हें इसमें किसी तरह की भी छूट का फायदा नहीं मिलता है। इसलिए उनके बारे में भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया जा रहा है कि दिल्ली के अंदर जो 1300 हाउसिंग अपार्टमेंट हैं, उनका 25 फीसद तक हाउस टैक्स माफ किया जाएगा।
वहीं, ‘आप’ नेता दुर्गेश पाठक ने कहा कि डेढ़ साल पहले दिल्ली की निगम में जब से आम आदमी पार्टी की सरकार बनी है, तब से बहुत अच्छे-अच्छे काम हो रहे हैं और कई सारी चीजें जमीन पर उतर रही हैं। एक सबसे बड़ी समस्या थी कि पहले निगम कर्मचारियों को कभी समय पर वेतन नहीं मिलता था। उन कर्मचारियों को आज महीने की पहली तारीख को वेतन मिलता है, क्योंकि अब निगम की आर्थिक स्थिति बेहतर हो रही है।
इस दौरान निगम के मेयर महेश खिंची ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने अब तक जो भी वादे किए हैं, उन्हें पूरा करके दिखाया है। उन्होंने कहा, “आम आदमी पार्टी पिछले दो साल से निगम में है। इस दौरान हमने जनता के हित में जो भी वादे किए, उन्हें पूरा करके दिखाया। रविवार को भी हमने एक घोषणा की थी जिसके तहत हम करीब 12000 कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने जा रहे हैं। पिछले दो साल में हमने करीब आठ हजार कर्मचारियों को पक्का किया है, जिसमें 4500 कर्मचारी हमारे डेम्स विभाग से थे और बाकी अन्य विभागों से थे। आज भी हम दिल्लीवासियों को हाउस टैक्स में बहुत बड़ा तोहफा देने जा रहे हैं।”
श्री खिंची ने बताया कि जो वित्त वर्ष 2024-25का हाउस टैक्स भर देगा, उसका हम पुराना सारा बकाया हाउस टैक्स माफ कर देंगे क्योंकि लोग इससे बहुत परेशान हैं, उनके 10-10 साल पुराने हाउस टैक्स पर पेनल्टी बढ़ती जा रही है। साथ ही 100 से 500 गज तक के सभी मकानों का हाउस टैक्स आधा कर दिया जाएगा। वहीं 100 गज तक के मकानों का हाउस टैक्स पूरी तरह से माफ कर दिया जाएगा। रिहायशी इलाकों में बनी दुकानों का कमर्शियल टैक्स भी माफ कर दिया जाएगा।
निगम नेता सदन मुकेश गोयल ने कहा कि दिल्ली नगर निगम से भ्रष्टाचार को खत्म करने के हमारे सिद्धांत के तहत आज दिल्ली के लोगों को एक विशेष तोहफा देने जा रहे हैं। यह भ्रष्टाचार के ऊपर बहुत बड़ा कुठाराघात है। दिल्ली की जनता को बहुत फायदा मिलेगा।