
जबलपुर। सोमवार को सुबह से बारिश की झड़ी लगी रही, देर रात तक रूक-रूककर बारिश का दौर चलता रहा। इसके साथ ही सीजन में बारिश का आंकड़ा 675.4 मिमी पर पहुंच गया है।मौसम विभाग ने बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है, जबलपुर समेत आसपास के जिलों मेंं भारी बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग की मानें तो उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और उससे सटे पूर्वी राजस्थान पर बना निम्न दबाव का क्षेत्र सुबह 08:30 बजे भारतीय समयानुसार उसी क्षेत्र में बना रहा। इससे जुड़ा चक्रवातीय परिसंचरण समुद्र तल से 5.8 किमी ऊपर तक फैला हुआ है और ऊँचाई के साथ दक्षिण-पश्चिम की ओर झुका हुआ है। वर्तमान में मानसून ट्रफ़, द्रोणिका श्री गंगानगर, झुंझुनू, उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और उससे सटे पूर्वी राजस्थान पर बने निम्न दबाव के केंद्र, पन्ना, डाल्टनगंज, पुरुलिया से होकर पूर्व-दक्षिण-पूर्व की ओर उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक विस्तृत है।
डेम के 15 गेट खुले, तटों पर बढ़ा जल स्तर
रानी अवंति बाई लोधी सागर परियोजना बरगी बांध के जल स्तर को नियंत्रित करने 15 गेट खोले गए हैं और 4498 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। जिससे माँ नर्मदा के घाटों पर जल स्तर बढ़ गया है। 10 से 12 फीट पानी की बढोत्तरी की संभावना है जिसके चलते माँ नर्मदा के घाटों, तटीय क्षेत्रों पर अलर्ट जारी किया गया है।
