
सीहोर। जिले के खिवनी अभ्यारण्य स्थित भैरूखो जलप्रपात में रविवार शाम नहाने गए वीआईटी कॉलेज, कोठरी के पांच छात्रों में से दो सिन्मुक आ. प्रकाश राव और हेमंत आ. कृष्णा राव (दोनों हैदराबाद निवासी) की डूबने से मौत हो गई. दोनों के शव सोमवार सुबह 16 घंटे की रेस्क्यू कार्रवाई के बाद गोताखोरों ने गहरे पानी से बरामद किए.
छात्र अपने दोस्तों नरेंद्र, वामासी और ललित के साथ बाइक से जलप्रपात और शंकर कुंड घूमने गए थे.हादसे की सूचना मिलते ही इछावर और हरणगांव पुलिस, एसडीईआरएफ की टीमों ने बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन अंधेरा और बारिश के चलते रात्रि में रेस्क्यू रोकना पड़ा.
घटना के बाद कॉलेज प्रबंधन की लापरवाही उजागर हुई. प्रबंधन ने पहले छात्रों की अनुपस्थिति से अनभिज्ञता जताई, जबकि हादसे के बाद पुष्टि की.
जिले में 15 दिन में छह मौतें जल स्रोतों में डूबने से हो चुकी हैं, बावजूद इसके लोग प्रशासन की चेतावनियों और मुनादी को नजरअंदाज कर रहे हैं. सोमवार को भी बुधनी जंगल की ओर बढ़ रहे पर्यटकों को वन विभाग ने रोका.
