नयी दिल्ली 28 जुलाई (वार्ता) भारत और जापान ने दोनों देशों के बीच विशेष रणनीतिक साझेदारी और वैश्विक साझेदारी को हिन्द प्रशांत तथा अन्य क्षेत्रों में शांति, समृद्धि तथा स्थिरता के लिए महत्वपूर्ण बताया है।
विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने सोमवार को यहां जापान के विदेश उप मंत्री ताकेहिरो फुनाकोशी के साथ द्विपक्षीय वार्ता की।
बाद में विदेश मंत्रालय ने एक वक्तव्य जारी कर कहा कि वार्ता के दौरान विदेश सचिव और उनके समकक्ष ने हिन्द प्रशांत क्षेत्र और अन्य क्षेत्रों में शांति, समृद्धि तथा स्थिरता के लिए भारत-जापान विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी के बढ़ते महत्व पर बल दिया।
दोनों पक्षों ने राजनीतिक संबंधों, रक्षा और सुरक्षा, आर्थिक सुरक्षा, व्यापार और निवेश, बुनियादी ढाँचा सहयोग, प्रौद्योगिकी और लोगों के बीच आदान-प्रदान सहित बहुआयामी द्विपक्षीय संबंधों के संपूर्ण आयामों पर विचारों का आदान-प्रदान किया। उन्होंने महत्वपूर्ण वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया।
वक्तव्य में कहा गया है कि यह वार्ता दोनों देशों के संबंधों के विभिन्न आयामों में प्रगति की समीक्षा करने, सहयोग के नए क्षेत्रों का पता लगाने और भारत तथा जापान के बीच मैत्री एवं सहयोग के बंधन को प्रगाढ बनाने में सहायक रहेगी।

