बरसात में बिजली उपकरणों से दूरी रखें, लापरवाही पड़ सकती है भारी, विद्युत विभाग की चेतावनी

रायसेन: बरसात के मौसम में बिजली उपकरणों और तारों से छेड़छाड़ जानलेवा साबित हो सकती है।जिले में लगातार करेंट से हो रही मौतों के कारण बिजली वितरण कंपनी के अधीक्षण अभियंता प्रदीप सिंह चौहान ने लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान विद्युत लाइनें, ट्रांसफार्मर और अन्य उपकरण खतरनाक हो सकते हैं। ऐसे में आमजन को उनसे उचित दूरी बनाए रखनी चाहिए।

शहर के प्रांजल शर्मा और ग्रामीण क्षेत्र के कनिष्ठ यंत्री एसके पटेल ने बताया कि बिजली आपूर्ति लाइनों के नीचे खड़ा होना, टूटे तारों को पार करना या खंभों के पास जलभराव वाले इलाकों से गुजरना जान जोखिम में डाल सकता है। वहीं, ट्रांसफार्मर और खंभों से मवेशी बांधना, कपड़े सुखाने के लिए रस्सी लगाना भी खतरनाक है।
क्या करें:
आंधी-तूफान या बारिश में खंभे व तार टूटने पर तुरंत बिजली कार्यालय को सूचना दें।
दुकानदार पीवीसी पाइप से कनेक्शन लें।
घर में करंट लीक होने पर प्रशिक्षित इलेक्ट्रिशियन से तुरंत मरम्मत कराएं।
स्विच और सॉकेट बच्चों की पहुंच से दूर रखें।
बिजली लोड स्वीकृत क्षमता के अनुसार ही उपयोग करें।
खेतों में फेंसिंग को अर्थिंग कराएं।
क्या नहीं करें:
किसी भी स्थिति में ट्रांसफार्मर, खंभों या विद्युत उपकरणों से छेड़छाड़ न करें।
जमीन पर पड़े टूटे तारों को पार करने की कोशिश न करें।
कटी-फटी वायरिंग से बिजली का उपयोग न करें।
विद्युत पोलों के पास जलभराव में चलने से बचें।
बिजली के खंभों में रस्सी बांधकर कपड़े न सुखाएं।
अधीक्षण अभियंता ने स्पष्ट किया कि थोड़ी सी असावधानी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है। उन्होंने सभी से अपील की कि बारिश में बिजली उपकरणों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें और किसी भी आपात स्थिति में विभाग को तुरंत सूचित करें।

Next Post

शिवपुरी में युवक को जूता सिर पर रख माफी मांगने पर किया मजबूर

Mon Jul 28 , 2025
शिवपुरी: जिले के बैराड़ थाना क्षेत्र में एक युवक को कथित तौर पर गलत तरीके से सजा देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में युवक के सिर पर जूता रखवाकर उससे माफी मंगवाई गई, जिससे जिले भर में आक्रोश फैल गया है।यह शर्मनाक […]

You May Like